– इंडिया नज़र ब्यूरो काशीपुर – भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम) काशीपुर में प्रबंधन कॉन्फ्रेंस ‘दिशा 2026’ का आयोजन किया गया। इसमें देश की प्रमुख कंपनियों के वरिष्ठ पेशेवरों और प्रबंधन विशेषज्ञों ने AI एकीकरण, बदलते बाजार, रणनीतिक बदलाव, कार्यबल और भविष्य के नेतृत्व जैसे विषयों पर विचार साझा किए।
कॉन्फ्रेंस में आयोजित पैनल चर्चाओं में इस बात पर जोर दिया गया कि तेजी से बदलती तकनीक और बाजार परिस्थितियों के बीच कंपनियों को समय रहते अपनी रणनीतियों में बदलाव करना होगा। विशेषज्ञों ने कहा कि संगठनों के लिए केवल तकनीकी दक्षता ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि डोमेन विशेषज्ञता, जिज्ञासा, नवाचार और बदलाव के अनुरूप खुद को ढालने की क्षमता भी जरूरी है।

नीन ओपलइंक. के वरिष्ठ एसोसिएट कंसलटेंट ध्रुव चौधरी ने AI के रोजगार पर प्रभाव को लेकर कहा कि एक अध्ययन के अनुसार 2030 तक AI के कारण करीब 9 करोड़ नौकरियां प्रभावित हो सकती हैं, जबकि इसके साथ करीब 17 करोड़ नए रोजगार अवसर भी पैदा होने की संभावना है। उन्होंने क्रॉस-फंक्शनल लर्निंग और उत्पाद की सही पोजिशनिंग को भविष्य के नेतृत्व के लिए महत्वपूर्ण बताया
बीएनवाई की वैश्विक प्रमुख (डेटा एंड एनालिटिक्स मैनेज्ड सर्विसेज) करिश्मा सिंगला ने कहा कि आज के दौर में तकनीक के साथ अपने डोमेन की गहरी समझ जरूरी है। वहीं पीआईपी ग्लोबल के पराग पुल्लीवार ने बाजार की जरूरत और ग्राहकों की स्वीकार्यता को समझकर बदलाव करने पर जोर दिया।

एचटी मीडिया ग्रुप की मुख्य राजस्व अधिकारी स्वाति शारदा ने कहा कि AI लर्निंग कर्व को नए सिरे से परिभाषित कर रहा है और इसका प्रभाव केवल तकनीक तक सीमित नहीं, बल्कि लोगों और संगठनों की कार्यशैली पर भी पड़ेगा।
कॉन्फ्रेंस में निवेशन टेक्नोलॉजीज, डीएस ग्रुप, वेदांता रिसोर्सेज, मेकमायट्रिप और अदाणी ग्रुप के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला, ग्रामीण बाजार, कस्टमाइज्ड उत्पाद, ई-कचरा पुनर्चक्रण, डिजिटल तकनीक और कारोबारी व्यवधानों को अवसर में बदलने जैसे मुद्दों पर अपने विचार रखे।
कार्यक्रम का समापन पैनल सदस्यों और प्रबंधन शोधकर्ताओं के बीच संवादात्मक प्रश्नोत्तर सत्र के साथ हुआ। आईआईएम काशीपुर के अनुसार, ‘दिशा 2026’ का उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्योग जगत की वास्तविक चुनौतियों और बदलते कारोबारी परिदृश्य से परिचित कर भविष्य की नेतृत्व भूमिकाओं के लिए तैयार करना है।



















