– इंडिया नज़र ब्यूरो देहरादून/ऊधम सिंह नगर – उत्तराखंड में नगर निकायों के रिक्त पदों पर चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। राज्य निर्वाचन आयोग ने ऊधम सिंह नगर जिले की नगर पालिका परिषद किच्छा और नगर पालिका परिषद सिरौली कला के अध्यक्षों एवं सभासदो के निर्वाचन के लिए कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक दोनों नगर पालिकाओं में 22 सितंबर 2026 को मतदान होगा, जबकि 24 सितंबर को मतगणना कराई जाएगी।
राज्य निर्वाचन आयोग की 7 सितंबर 2026 को जारी अधिसूचना में बताया गया है कि चुनाव प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कराई जाएगी। हालांकि, अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि संबंधित मामलों में नैनीताल हाईकोर्ट में लंबित रिट याचिकाओं में होने वाले अंतिम निर्णय के अधीन निर्वाचन प्रक्रिया रहेगी।


आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार प्रत्याशी 10 सितंबर से 11 सितंबर 2026 तक नाम निर्देशन पत्र दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्र प्राप्त करने का समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है। इसके बाद 12 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। नामांकन वापसी के लिए 13 सितंबर की तारीख तय की गई है। अभ्यर्थी दोपहर 3 बजे तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 14 सितंबर 2026 को सुबह 10 बजे से निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन किया जाएगा। इसके बाद चुनाव मैदान में उतरने वाले प्रत्याशियों की तस्वीर साफ हो जाएगी और चुनाव प्रचार जोर पकड़ेगा।
किच्छा और सिरौली कला नगर पालिका क्षेत्रों में 22 सितंबर 2026 को मतदान कराया जाएगा। मतदान का समय सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित किया गया है। मतदान के बाद मतपेटियों को निर्धारित स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा और 24 सितंबर 2026 को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। मतगणना पूरी होने के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। आयोग ने जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि संबंधित नगर निकायों के प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों का आरक्षण सहित पूरा विवरण 8 सितंबर 2026 को जारी किया जाए। इसके साथ ही चुनाव कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार स्थानीय समाचार पत्रों और इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग ने यह भी निर्देश दिया है कि नामांकन, नामांकन पत्रों की जांच, नाम वापसी और चुनाव चिन्ह आवंटन से संबंधित प्रक्रिया संबंधित निर्वाचन अधिकारियों और सहायक निर्वाचन अधिकारियों के माध्यम से निर्धारित स्थानों पर कराई जाएगी। अधिसूचना में विशेष रूप से कहा गया है कि चुनाव कार्यक्रम के दौरान पड़ने वाले सार्वजनिक अवकाश के दिनों में भी संबंधित निर्वाचन कार्यालय खुले रहेंगे, ताकि चुनाव प्रक्रिया में किसी तरह की बाधा न आए।
किच्छा और सिरौली कला दोनों ही नगर पालिकाओ का चुनाव कांग्रेस और भाजपा के लिए प्रतिष्ठा का सवाल भी बना हुआ हैं। ऐसे में इन दोनों नगर पालिकाओं के चुनाव को स्थानीय राजनीति के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। अध्यक्ष और वार्ड सदस्य के चुनाव को लेकर आने वाले दिनों में विभिन्न राजनीतिक दलों और संभावित प्रत्याशियों की सक्रियता बढ़ने की संभावना है।



















