– इंडिया नज़र ब्यूरो किच्छा – नालंदा सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रार्थना सभा से हुई, जिसका संचालन विद्यालय के शिक्षकों द्वारा किया गया। इस दौरान प्रार्थना, सुविचार, समाचार व विभिन्न गतिविधियों की प्रभावशाली प्रस्तुतियां दी गईं। विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर सहभागिता की।
शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने अनूठी पहल करते हुए शिक्षकों की भूमिका निभाई। छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों की तरह कक्षाओं का संचालन किया और अध्यापन कार्य का अनुभव प्राप्त किया। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों ने शिक्षक के दायित्व, अनुशासन और जिम्मेदारियों को करीब से समझा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की निदेशिका ने सभी शिक्षकों को सम्मानित किया। उन्होंने शिक्षकों के समर्पण, परिश्रम और विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान की सराहना की। वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. बृजेश कुमार दुबे ने शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक का कार्य केवल पाठ्यक्रम पूरा कराना नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, संस्कार और सोच को सही दिशा देना भी है।
डॉ. बृजेश कुमार दुबे ने कहा, “एक शिक्षक विद्यार्थी के जीवन में मार्गदर्शक की भूमिका निभाता है। शिक्षक अपने ज्ञान और अनुभव के माध्यम से बच्चों को न केवल शिक्षा देता है, बल्कि उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए भी तैयार करता है। शिक्षक दिवस विद्यार्थियों को अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर देता है।”
निदेशिका ने अपने संबोधन में शिक्षकों को समाज और राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए उनके योगदान को नमन किया। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षकों का सम्मान करने और उनके मार्गदर्शन से निरंतर सीखते रहने का आह्वान किया।




















