– इंडिया नज़र ब्यूरोरुद्रपुर – अपराध नियंत्रण और जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में ऊधमसिंह नगर पुलिस द्वारा किरायेदार सत्यापन अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में मकान मालिकों और किरायेदारों का सत्यापन जांचा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।
पुलिस टीमों ने किच्छा कोतवाली, पुलभट्टा थाना और सितारगंज थाना क्षेत्र में अभियान चलाकर किरायेदारों के पुलिस सत्यापन की स्थिति की जांच की। इस दौरान बिना सत्यापन किरायेदार रखने वाले मकान मालिकों तथा बिना सत्यापन रह रहे व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, पुलभट्टा थाना क्षेत्र में किरायेदारों का सत्यापन नहीं कराने वाले तीन मकान मालिकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रत्येक पर 10 हजार रुपये का चालान किया गया। वहीं बिना सत्यापन रह रहे पांच व्यक्तियों के 250-250 रुपये के नगद चालान किए गए।

इसी तरह किच्छा कोतवाली क्षेत्र में सत्यापन नहीं कराने वाले सात मकान मालिकों/व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत 10-10 हजार रुपये के चालान किए गए। इसके अलावा बिना सत्यापन रह रहे दो व्यक्तियों के 250-250 रुपये के नगद चालान काटे गए।
वहीं सितारगंज थाना क्षेत्र में किरायेदार का पुलिस सत्यापन नहीं कराने वाले छह मकान मालिकों पर 10-10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके साथ ही बिना सत्यापन रह रहे 11 व्यक्तियों के 250-250 रुपये के नगद चालान किए गए।
पुलिस ने अभियान के दौरान मकान मालिकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अपने मकान में किरायेदार रखने से पहले उनका अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराया जाए। पुलिस ने चेतावनी दी कि बिना सत्यापन किरायेदार रखने वाले मकान मालिकों के खिलाफ आगे भी कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य जिले में बाहरी व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित करने के साथ-साथ अपराधों की रोकथाम और कानून-व्यवस्था को मजबूत करना है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे किरायेदार रखने से पहले निर्धारित प्रक्रिया के तहत उनका पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं, ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि की संभावना को समय रहते रोका जा सके।




















