– विधायक शिव अरोरा ने स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल से की मुलाकात, जल्द कार्रवाई का मिला भरोसा
– इंडिया नज़र ब्यूरो | रुद्रपुर — रुद्रपुर की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने को लेकर विधायक शिव अरोरा ने देहरादून में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल से मुलाकात की। इस दौरान विधायक शिव अरोरा ने पंडित जवाहरलाल नेहरू जिला चिकित्सालय में रिक्त विशेषज्ञ चिकित्सकों के पदों पर शीघ्र नियुक्ति और राजकीय मेडिकल कॉलेज में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से MBBS कक्षाएं इसी वर्ष शुरू कराने की मांग को लेकर दो पत्र सौंपे।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि जिला अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी के कारण गंभीर मरीजों को उपचार के लिए उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर करना पड़ रहा है। उन्होंने स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ, फिजिशियन, आर्थोपेडिक, पैथोलॉजिस्ट सहित आवश्यक विशेषज्ञ चिकित्सकों के रिक्त पदों को प्राथमिकता से भरने का आग्रह किया।

वहीं, रुद्रपुर राजकीय मेडिकल कॉलेज को लेकर विधायक शिव अरोरा ने कहा कि NMC निरीक्षण के दौरान चिन्हित फैकल्टी और अन्य संसाधनों की कमियों को जल्द पूरा किया जाए, ताकि आवश्यक मान्यता की प्रक्रिया पूरी कर इसी सत्र से MBBS की पढ़ाई शुरू हो सके। मेडिकल कॉलेज शुरू होने से ऊधमसिंह नगर समेत आसपास के क्षेत्रों के लाखों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के साथ स्थानीय युवाओं को चिकित्सा शिक्षा का अवसर मिलेगा।
स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने दोनों विषयों पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज के मानकों को पूरा करने के लिए वह स्वयं स्थिति पर नजर रखे हुए हैं और इसी वर्ष मेडिकल कॉलेज शुरू कराने के लिए पूरी कोशिश की जा रही है। साथ ही जिला अस्पताल में रिक्त विशेषज्ञ चिकित्सकों के पदों को भरने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं और जल्द तैनाती सुनिश्चित कराने की बात कही।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि जिला अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता और मेडिकल कॉलेज में MBBS कक्षाओं की शुरुआत रुद्रपुर सहित पूरे ऊधमसिंह नगर के लिए महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।




















