– एक परिवार और समाज के लिए इससे पीड़ादायक कुछ नहीं हो सकता: विधायक शिव अरोरा
– इंडिया नजर ब्यूरो | रुद्रपुर। गंभीर रूप से घायल अभिषेक वाल्मीकि के निधन से रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। राममूर्ति मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकों द्वारा बेहतर उपचार और अभिषेक को बचाने के हरसंभव प्रयास के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका। अभिषेक के निधन की खबर से परिवार, रिश्तेदारों, परिचितों और वाल्मीकि समाज में गहरा दुःख व्याप्त है।
अभिषेक वाल्मीकि की अंतिम यात्रा में रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा भी शामिल हुए। विधायक ने दिवंगत अभिषेक की अर्थी को कंधा दिया और नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। अंतिम यात्रा के दौरान माहौल बेहद भावुक रहा। बड़ी संख्या में वाल्मीकि समाज के लोग, जनप्रतिनिधि, स्थानीय नागरिक और परिचित अंतिम यात्रा में शामिल हुए तथा अभिषेक को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान विधायक शिव अरोरा ने कहा कि अभिषेक का निधन अत्यंत पीड़ादायक और हृदय को झकझोर देने वाला है। एक परिवार ने अपना युवा बेटा खोया है और समाज ने अपना एक सदस्य खो दिया है। उन्होंने कहा कि एक युवा बेटे को खोने का दर्द किसी भी परिवार के लिए असहनीय होता है और इस दुःख को शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता।
विधायक ने कहा कि “एक परिवार और समाज के लिए इससे अधिक पीड़ादायक कुछ नहीं हो सकता। अभिषेक के निधन से मन बेहद व्यथित है। इस कठिन और दुःख की घड़ी में मैं शोकाकुल परिवार के साथ पूरी संवेदना और मजबूती के साथ खड़ा हूं।”
उन्होंने कहा कि परिवार जिस पीड़ा से गुजर रहा है, उसकी भरपाई संभव नहीं है। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा कि वे इस दुःख की घड़ी में परिवार को अकेला महसूस नहीं होने देंगे और हरसंभव सहयोग के लिए उनके साथ खड़े हैं।
विधायक शिव अरोरा ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि दिवंगत अभिषेक की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार और असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दें।
अभिषेक की अंतिम यात्रा में उमड़ी भीड़ और लोगों की नम आंखों ने माहौल को गमगीन कर दिया। हर कोई अभिषेक को श्रद्धांजलि देते हुए परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता नजर आया।




















