– इंडिया नज़र ब्यूरो किच्छा – स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल द्वारा शुक्रवार को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा का शुभारंभ पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने आवास विकास से तिरंगा लहराकर किया। यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए महाराणा प्रताप चौक पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
तिरंगा यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं राष्ट्रभक्त नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की। इस दौरान “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों से पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

इस अवसर पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि “तिरंगा केवल हमारे देश की पहचान नहीं, बल्कि यह भारत की एकता, अखंडता, त्याग और गौरव का प्रतीक है। हर भारतीय के हृदय में राष्ट्रप्रेम की भावना सदैव जीवित रहनी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश आज नई ऊर्जा और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। ‘हर घर तिरंगा’ जैसे अभियान देशवासियों में राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत कर रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के बलिदान के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं। हमें उनके त्याग को सदैव स्मरण रखते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए अपना योगदान देना चाहिए। तिरंगा यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरा नगर राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंजता रहा।
इस दौरान मंडल अध्यक्ष गोल्डी गोराया, मनमोहन सक्सेना, संदीप अरोड़ा, मुकेश कोली, जितेंद्र गौतम, मयंक तिवारी, कविता मान, शशि शुक्ला, सैयद इफ्तार मियां, चंदन जायसवाल, मूलचंद राठौर, कुलदीप बग्गा समेत सैकड़ो कार्यकर्ता उपस्थित थे!




















