– इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – नगर निगम रुद्रपुर के आठ नामित पार्षदों का शपथ ग्रहण समारोह बुधवार को नगर निगम सभागार में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि शहरी पर्यावरण संरक्षण परिषद की उपाध्यक्ष एवं दर्जा मंत्री हेमा जोशी ने सभी नामित पार्षदों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर नगर निगम परिवार ने नव नामित पार्षदों का माल्यार्पण कर भव्य स्वागत किया तथा उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
समारोह में सरकार द्वारा नामित पार्षद संदीप वाल्मीकि, नरेश उप्रेती, राजन राठौर, विवेक रावत, अमित मिश्रा, जितेंद्र मौर्य, सतनाम सिंह सहित सभी नामित पार्षदों ने शपथ ग्रहण कर नगर हित में कार्य करने का संकल्प लिया। मुख्य अतिथि हेमा जोशी ने पार्षदों को शपथ दिलाने के बाद कहा कि नामित पार्षदों को संगठन और सरकार ने एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।

शहरी पर्यावरण संरक्षण परिषद की उपाध्यक्ष एवं दर्जा मंत्री हेमा जोशी ने कहा कि उन्हें विश्वास है सभी पार्षद जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए नगर के विकास, स्वच्छता, जनसमस्याओं के समाधान और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि नगर निगम को आज आठ नए पार्षदों के रूप में सशक्त सहयोग मिला है, जो शहर के विकास कार्यों को और अधिक गति प्रदान करेगा।
उन्होंने महापौर विकास शर्मा के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में रुद्रपुर ने विकास और व्यवस्थाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय परिवर्तन देखा है। आज रुद्रपुर की पहचान केवल एक औद्योगिक शहर के रूप में नहीं बल्कि सुव्यवस्थित, स्वच्छ और आधुनिक नगर के रूप में बन रही है। उन्होंने कहा कि एक समय था जब शहर में प्रवेश करते ही लोगों का स्वागत कूड़े के ढेरों से होता था, लेकिन आज वहां पर सुंदर और आकर्षक पार्क नजर आ रहा है। त्रिशूल चौक का सौंदर्यीकरण शहर की नई पहचान बन चुका है।

हेमा जोशी ने कहा कि रुद्रपुर का विकास मॉडल आज प्रदेश के अन्य नगर निकायों के लिए प्रेरणास्रोत बन रहा है। शहर में स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, पार्कों के विकास, सड़क चौड़ीकरण और यातायात व्यवस्था में हुए सुधार स्पष्ट रूप से दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि पहले जहां सड़क किनारे अव्यवस्थित ढंग से ठेलियां खड़ी रहती थीं, वहीं अब वेंडिंग जोन बनाकर ठेला व्यवसायियों को सम्मानजनक और व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराया गया है। यह दूरदर्शी सोच और योजनाबद्ध विकास का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है और रुद्रपुर भी विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। आने वाले समय में अनेक बड़ी परियोजनाएं शहर की तस्वीर और तकदीर बदलने का काम करेंगी।
इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने कहा कि नामित पार्षद नगर निगम की कार्यप्रणाली को और अधिक मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि यह केवल एक औपचारिक नियुक्ति नहीं, बल्कि शहर के विकास में सक्रिय भागीदारी का अवसर है। सभी नामित पार्षद सरकार और संगठन की नीतियों को जन जन तक पहुंचाने, पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने और जनता तथा प्रशासन के बीच मजबूत सेतु का कार्य करेंगे।
महापौर ने कहा कि उनका लक्ष्य रुद्रपुर को उत्तराखंड का सबसे विकसित, स्वच्छ और व्यवस्थित शहर बनाना है। इस दिशा में नगर निगम लगातार कार्य कर रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का मार्गदर्शन और सहयोग निरंतर प्राप्त हो रहा है, जिसके कारण डेढ़ वर्ष के भीतर लगभग सवा सौ करोड़ रुपये के विकास कार्य धरातल पर उतारे जा सके हैं। उन्होंने कहा कि सड़कों के निर्माण, पार्कों के विकास, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, वेंडिंग जोन, नालों के निर्माण और सौंदर्यीकरण जैसे अनेक कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
विकास शर्मा ने कहा कि जिन क्षेत्रों में भाजपा के निर्वाचित पार्षद नहीं चुने जा सके थे, वहां की जनता की समस्याओं और विकास कार्यों को गति देने के लिए नामित पार्षदों को जिम्मेदारी दी गई है, ताकि शहर का कोई भी क्षेत्र विकास से वंचित न रहे।
उन्होंने सभी नामित पार्षदों से अपेक्षा की कि वे पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ जनता की सेवा करें। जनसमस्याओं के समाधान, स्वच्छता अभियान, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और सरकार की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाएं।




















