| इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – भारतीय जनता युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं युवा कल्याण सलाहकार (दर्जा राज्य मंत्री) कुंदन लटवाल के प्रथम रुद्रपुर आगमन पर महापौर विकास शर्मा के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं और युवा मोर्चा पदाधिकारियों ने उनका फूल-मालाओं और ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर महापौर विकास शर्मा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि युवाओं के हितों को ध्यान में रखते हुए कुंदन लटवाल को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके अनुभव और नेतृत्व से प्रदेश के युवाओं को शिक्षा, खेल, कौशल विकास और नेतृत्व के क्षेत्र में नई दिशा मिलेगी तथा उत्तराखंड का युवा राष्ट्रवादी सोच और सांस्कृतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ेगा।

महापौर ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पारदर्शी रोजगार और नेतृत्व के अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दल झूठे नैरेटिव गढ़कर युवाओं को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि आज का युवा जागरूक है और अपने भविष्य व राष्ट्रहित को प्राथमिकता देता है।
युवा कल्याण सलाहकार कुंदन लटवाल ने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड का युवा हमेशा राष्ट्रवाद, वीरता और सेवाभाव का प्रतीक रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में युवाओं को सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य हो रहा है और प्रदेश का युवा राष्ट्र निर्माण में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा।
कार्यक्रम में भाजयुमो जिलाध्यक्ष बिट्टू चौहान, जिला उपाध्यक्ष रचित सिंह, अंकित गंगवार, उमेश सिंह, दीपक राठौर, गोविंद शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




















