| इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – श्री अमरनाथ एवं माता वैष्णो देवी की पवित्र यात्रा सकुशल पूर्ण कर रुद्रपुर लौटे श्रद्धालुओं का विधायक शिव अरोरा ने अपने कार्यालय पर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की गई और उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पूरा माहौल बाबा बर्फानी और माता वैष्णो देवी के जयकारों एवं भजनों से भक्तिमय हो उठा।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि बाबा बर्फानी और माता वैष्णो देवी की कठिन एवं पवित्र यात्रा पूरी कर लौटे श्रद्धालुओं का स्वागत करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष अमरनाथ सेवा मंडल के तत्वावधान में रुद्रपुर से श्रद्धालुओं का जत्था यात्रा पर जाता है। इस वर्ष श्रद्धालुओं के लौटने के समय वे क्षेत्र से बाहर थे, इसलिए रुद्रपुर वापस आते ही उन्होंने अपने कार्यालय में विशेष स्वागत समारोह आयोजित कर सभी श्रद्धालुओं का सम्मान किया।
उन्होंने कहा कि धार्मिक यात्राएं समाज में आस्था, सेवा, अनुशासन और सामाजिक एकता का संदेश देती हैं। अमरनाथ यात्रा से लौटे श्रद्धालुओं के अनुभव समाज के अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणादायक हैं। स्वागत समारोह के दौरान श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए और विधायक शिव अरोरा द्वारा किए गए सम्मान के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर सिटी क्लब के उपाध्यक्ष पंकज बांगा, अजय चड्ढा, अशोक गुम्बर, राजीव मिड्डा, रवि सिडाना, मनोज छाबड़ा, संदीप राव, मोहित कक्कड़, मनीष चुघ, नितीश धीर, वासु गुम्बर, नितिन भल्ला, जगदीश टंडन, अंकित नरूला सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




















