– बिजली कनेक्शन पर रोक लगाने वाले पुराने आदेश निरस्त करने और प्रभावित परिवारों को मालिकाना हक देने की उठाई मांग
– इंडिया नज़र ब्यूरो | रुद्रपुर – सीलिंग भूमि, नजूल भूमि और ट्रांजिट कैंप की दानपत्र भूमि पर वर्षों से रह रहे परिवारों को बिजली जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग कलेक्ट्रेट पहुंचे। प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और तत्कालीन जिलाधिकारी के 31 मई 2023 तथा सचिव विकास प्राधिकरण के 28 नवंबर 2025 के आदेशों को निरस्त कर जिला मुख्यालय की सभी आवासीय कॉलोनियों में विद्युत संयोजन बहाल करने की मांग की।

ज्ञापन के माध्यम से पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि जिले में अनेक परिवार भीषण गर्मी के बीच बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। विद्युत कनेक्शन नहीं मिलने से सैकड़ों परिवारों का सामान्य जीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि जनहित को सर्वोपरि रखते हुए पूर्व में जारी आदेशों को निरस्त किया जाना चाहिए, ताकि वर्षों से बसे परिवारों को राहत मिल सके।
उन्होंने बताया कि ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के विभिन्न वार्डों और आसपास की मलिन बस्तियों में हजारों परिवार दानपत्र भूमि पर लंबे समय से निवास कर रहे हैं। भूमि के स्वामित्व संबंधी दस्तावेज और रजिस्ट्री उपलब्ध न होने के कारण इन परिवारों को बिजली कनेक्शन नहीं मिल पा रहा है।
पूर्व विधायक ने कहा कि फाजलपुर मेहरोला क्षेत्र की प्रीत विहार, तराई विहार, लोक विहार, बराड़ नगर, अपना इंक्लेव सहित अन्य कॉलोनियों में भी सैकड़ों परिवार स्थायी रूप से रह रहे हैं। इनमें कई लोग रजिस्ट्री वाली तथा नजूल भूमि पर निवास करते हैं, लेकिन भूमि सीलिंग से जुड़े प्रतिबंधों के कारण न तो संपत्तियों का क्रय-विक्रय हो पा रहा है और न ही दाखिल-खारिज एवं रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी हो रही है। इसका सीधा असर बिजली कनेक्शन मिलने पर पड़ रहा है।
ज्ञापन में मांग की गई कि सीलिंग भूमि, नजूल भूमि और दानपत्र भूमि पर बसे परिवारों को बिजली, पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित न रखा जाए। साथ ही इन परिवारों को मालिकाना हक प्रदान करने और संबंधित भूमि को फ्रीहोल्ड करने की प्रक्रिया भी जल्द शुरू की जाए।
इस दौरान संजय ठुकराल, रामकुमार गुप्ता, संजय कुमार, कुंवर पाल कोली, हिम्मत राम कोली, उनैजा फातमा, विमला देवी, सुनीता, ममता, कलावती, आशिया अंसारी, नाजमा, नेहा, रूबीना, शमीला, मेहनाज बी, विवेक, अंजुम, राहुल, यासमीन, काव्या, बाबू राम, फैसल, रूबल कौर, दीपक, रेशमा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।




















