– इंडिया नज़र ब्यूरो किच्छा। विधायक तिलक राज बेहड़ के सतत प्रयासों से किच्छा विधानसभा क्षेत्र को विकास कार्यों की बड़ी सौगात मिली है। राज्य योजना, जिला योजना एवं अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्र योजना के अंतर्गत कुल 1 करोड़ 37 लाख रुपये की लागत से 6 महत्वपूर्ण विकास योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है। इन योजनाओं के क्रियान्वयन से क्षेत्र में सड़क, आधारभूत सुविधाओं और सामुदायिक विकास को नई गति मिलेगी।
विधायक तिलक राज बेहड़ ने बताया कि स्वीकृत कार्यों में राज्य योजना के अंतर्गत महाराजपुर से कनकपुर तक 2.050 किलोमीटर मोटर मार्ग के प्रीमिक्स कारपेट द्वारा पुनर्निर्माण के लिए 71 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। लंबे समय से क्षेत्रवासी इस सड़क के पुनर्निर्माण की मांग कर रहे थे, जिसे अब मंजूरी मिल गई है। इसके अलावा जिला योजना वित्तीय वर्ष 2026-27 के अंतर्गत लालपुर क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्यों को भी हरी झंडी मिली है।
वहीं अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्र योजना के अंतर्गत ग्राम सैंजना स्थित कब्रिस्तान में टीन शेड, फर्श निर्माण एवं इंडिया मार्का हैंडपंप स्थापना के लिए लगभग 20 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है।
विधायक बेहड़ ने कहा कि महाराजपुर-लालपुर सड़क निर्माण कार्य शुरू होने के बाद से ही ग्रामीण लगातार महाराजपुर से कनकपुर तक सड़क के पुनर्निर्माण की मांग कर रहे थे। अब इस सड़क को स्वीकृति मिलने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी और विकास को नई दिशा प्राप्त होगी।
उन्होंने कहा कि किच्छा विधानसभा के प्रत्येक गांव, वार्ड और वर्ग के विकास को समान प्राथमिकता दी जा रही है। सड़क, पेयजल और सामुदायिक सुविधाओं के साथ-साथ मंदिर, गुरुद्वारे, मस्जिद, कब्रिस्तान, श्मशान घाट एवं अन्य धार्मिक-सामाजिक स्थलों पर भी आवश्यक विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
विधायक बेहड़ ने कहा कि लालपुर क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उनका प्रयास है कि जिन क्षेत्रों में अभी भी सड़क निर्माण की आवश्यकता है, वहां चरणबद्ध तरीके से विकास कार्य कराए जाएं, ताकि प्रत्येक मोहल्ले और वार्ड तक बेहतर सड़क सुविधा पहुंच सके।
विधायक तिलक राज बेहड़ ने बताया कि कनकपुर काली मंदिर से गौरीकला होते हुए विनोद मदान के खेत तक 2.5 किलोमीटर सड़क के डामरीकरण तथा रुद्रपुर वार्ड नंबर-1 स्थित ज्येष्ठा कॉलोनी की 500 मीटर सड़क के डामरीकरण का प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। इन दोनों परियोजनाओं की स्वीकृति भी जल्द मिलने की उम्मीद है, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी किच्छा विधानसभा के संतुलित एवं सर्वांगीण विकास के लिए नई योजनाओं को स्वीकृत कराया जाता रहेगा, ताकि क्षेत्र विकास की नई ऊंचाइयों को छू सके।




















