| इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा 19 जुलाई 2026 को जारी मौसम पूर्वानुमान में 20 जुलाई को ऊधमसिंह नगर जनपद में कहीं-कहीं भारी से अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना जताए जाने के बाद जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं।
जिलाधिकारी ऊधमसिंह नगर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जिले में संभावित बाढ़, नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि और प्राकृतिक आपदा की आशंका को देखते हुए सोमवार, 20 जुलाई 2026 को जनपद के सभी सरकारी, परिषदीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों (नर्सरी से कक्षा 12 तक) तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।

जिलाधिकारी ने यह आदेश आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 की धारा 30(2) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जारी किया है। आदेश में कहा गया है कि छात्रों और बाल्यावस्था के बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है।
साथ ही सभी तहसील प्रशासन एवं संबंधित विभागों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। यदि कोई विद्यालय आदेश की अवहेलना करता है तो उसके विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के तहत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लें, अनावश्यक यात्रा से बचें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।



















