– पर्याप्त पेपर बैग, स्वच्छ पेयजल, साफ शौचालय और बैठने की व्यवस्था सहित श्रमिक अधिकारों की मांग, मलिक कॉलोनी स्थित स्टोर पर डिलीवरी रही प्रभावित
– इंडिया नज़र ब्यूरो | रुद्रपुर – रुद्रपुर के मलिक कॉलोनी स्थित ब्लिंकिट स्टोर पर शुक्रवार को कर्मचारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर कार्य बहिष्कार कर दिया। कर्मचारियों का आरोप है कि भीषण गर्मी के बावजूद कंपनी इंसेंटिव में बढ़ोतरी नहीं कर रही है। इसके अलावा ग्राहकों से कैरी बैग का शुल्क लेने के बावजूद पर्याप्त संख्या में पेपर बैग उपलब्ध नहीं कराए जा रहे हैं, जिससे उन्हें खुले में सामान की डिलीवरी करनी पड़ रही है। कर्मचारियों ने स्वच्छ पेयजल, साफ शौचालय और बैठने की समुचित व्यवस्था उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई।

मौके पर पहुंचे समाजसेवी सुशील गाबा ने कर्मचारियों का समर्थन करते हुए कहा कि मलिक कॉलोनी स्थित ब्लिंकिट स्टोर पर प्रतिदिन लगभग 2500 ऑर्डर आते हैं। कंपनी प्रत्येक ऑर्डर पर कैरी बैग का शुल्क वसूलती है, लेकिन कर्मचारियों के अनुसार स्टोर में पर्याप्त संख्या में पेपर बैग उपलब्ध नहीं कराए जाते। ऐसे में कई ग्राहकों तक बिना बैग के सामान पहुंचाना पड़ता है, जिससे ग्राहकों और डिलीवरी पार्टनरों दोनों को असहज परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। विशेष रूप से महिलाओं से जुड़े निजी उपयोग के सामान की खुली डिलीवरी कई बार शर्मिंदगी का कारण बनती है।
कर्मचारियों ने यह भी आरोप लगाया कि स्टोर में पीने के लिए स्वच्छ पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं है, शौचालयों की सफाई संतोषजनक नहीं रहती तथा ड्यूटी के दौरान बैठने के लिए भी उचित स्थान उपलब्ध नहीं कराया जाता। भीषण गर्मी में इन सुविधाओं के अभाव से कर्मचारियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
सुशील गाबा ने कहा कि ऑनलाइन डिलीवरी करने वाले कर्मचारी हर मौसम में लोगों तक समय पर आवश्यक सामान पहुंचाने का कार्य करते हैं, लेकिन उन्हें अपेक्षित सुविधाएं और सम्मान नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने मांग की कि डिलीवरी वर्कर्स को श्रमिक का दर्जा दिया जाए, न्यूनतम आय सुनिश्चित की जाए, दुर्घटना एवं स्वास्थ्य बीमा की व्यवस्था अनिवार्य की जाए, ईपीएफ एवं ईएसआई जैसी सामाजिक सुरक्षा प्रदान की जाए तथा बिना निष्पक्ष प्रक्रिया के किसी भी कर्मचारी की आईडी बंद न की जाए।
सुशील गाबा का बयान का कहना है कि “ब्लिंकिट के डिलीवरी वर्कर्स दिन-रात, गर्मी, सर्दी और बारिश में लोगों तक समय पर सामान पहुंचाने का काम करते हैं, लेकिन उन्हें बदले में बुनियादी सुविधाएं भी नहीं मिल रही हैं। ग्राहकों से कैरी बैग का शुल्क लेने के बावजूद पर्याप्त बैग उपलब्ध नहीं कराना पूरी तरह अनुचित है। इससे ग्राहकों और कर्मचारियों दोनों को परेशानी होती है। कर्मचारियों को स्वच्छ पेयजल, साफ शौचालय, बैठने की व्यवस्था, बेहतर इंसेंटिव और सम्मानजनक कार्य परिस्थितियां मिलनी चाहिए। साथ ही डिलीवरी वर्कर्स को श्रमिक का दर्जा, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं दुर्घटना बीमा तथा न्यूनतम आय की गारंटी दी जानी चाहिए। यह केवल कर्मचारियों का नहीं, बल्कि मानव गरिमा और श्रमिक अधिकारों का मुद्दा है। हमें उम्मीद है कि कंपनी प्रबंधन जल्द इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान करेगा।”
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांगें पूरी होने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा और संबंधित अधिकारियों व कंपनी प्रबंधन से जल्द समाधान निकालने की अपील की।




















