– करीब दो एकड़ भूमि पर बनेगा बहुउद्देशीय सामुदायिक केंद्र, प्रथम चरण के लिए 5 करोड़ रुपये स्वीकृत; लाइब्रेरी, बैडमिंटन कोर्ट समेत आधुनिक सुविधाएं होंगी विकसित
– इंडिया नज़र ब्यूरो किच्छा – किच्छा विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए बुधवार को एक ऐतिहासिक पहल की गई। किच्छा चीनी मिल परिसर में लगभग दो एकड़ भूमि पर बनने वाले अत्याधुनिक कम्युनिटी हॉल का विधिवत भूमि पूजन विधायक तिलक राज बेहड़ ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच किया। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के प्रथम चरण के लिए शासन द्वारा 5 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है, जबकि पूरे प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत करीब 10 करोड़ रुपये होगी।
भूमि पूजन के बाद आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि किच्छा क्षेत्र के लोगों के लिए एक आधुनिक और भव्य कम्युनिटी हॉल का निर्माण उनका वर्षों पुराना सपना था, जो अब साकार होने की दिशा में आगे बढ़ चुका है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल एक भवन का निर्माण नहीं, बल्कि किच्छा के सामाजिक और सांस्कृतिक भविष्य को नई पहचान देने वाला कदम है।

उन्होंने बताया कि इस परियोजना के लिए लगभग दो एकड़ भूमि उपलब्ध कराई गई है, जो पूर्व में चीनी मिल की भूमि थी। मुख्यमंत्री के सहयोग और शासन के सकारात्मक प्रयासों से यह भूमि उपलब्ध हो सकी, जिसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री तथा गन्ना मंत्री सौरभ बहुगुणा का आभार व्यक्त किया।
विधायक बेहड़ ने कहा कि प्रस्तावित कम्युनिटी हॉल में विवाह समारोह, पारिवारिक आयोजन, सामाजिक सम्मेलन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, धार्मिक आयोजन, राजनीतिक सभाएं तथा अन्य सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। यह सुविधा गरीब परिवारों सहित समाज के प्रत्येक वर्ग के लोगों के लिए उपलब्ध रहेगी।
उन्होंने कहा कि भविष्य में इस परिसर में लाइब्रेरी, बैडमिंटन कोर्ट, आधुनिक पार्किंग, बेहतर बैठने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी, जिससे यह एक पूर्ण विकसित बहुउद्देशीय सामुदायिक केंद्र के रूप में स्थापित हो सके। आवश्यकता के अनुसार परियोजना का विस्तार भी किया जाएगा।
विधायक बेहड़ ने कहा कि बड़े विकास कार्यों के दौरान कुछ लोग सवाल जरूर उठाते हैं, लेकिन जब योजनाएं धरातल पर उतरकर जनता को लाभ पहुंचाती हैं तो उनकी उपयोगिता स्वयं सिद्ध हो जाती है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार रुद्रपुर की कई विकास परियोजनाओं का लाभ आज हजारों लोग उठा रहे हैं, उसी प्रकार यह कम्युनिटी हॉल भी आने वाले वर्षों में किच्छा की पहचान बनेगा।
उन्होंने जानकारी दी कि भूमि पूजन के साथ निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है और मुख्यमंत्री की उपलब्धता के अनुसार उनके कर-कमलों द्वारा इस परियोजना का औपचारिक शिलान्यास भी कराया जाएगा।
विधायक ने बताया कि कम्युनिटी हॉल के अलावा क्षेत्र में फायर स्टेशन, आधुनिक स्टेडियम, सड़क चौड़ीकरण तथा अन्य आधारभूत विकास परियोजनाओं पर भी लगातार कार्य किया जा रहा है। आने वाले समय में किच्छा को कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की सौगात मिलेगी।
भूमि पूजन कार्यक्रम में नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गुलशन सिंधी, निवर्तमान पालिका अध्यक्ष दर्शन कोली, जिला पंचायत सदस्य गुरदास कालड़ा, राजेश प्रताप सिंह, रईस अहमद, जीवन जोशी, संतोष ठाकुर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।




















