– अवैध तमंचा और कारतूस के साथ दबोचा गया कुख्यात अपराधी, हत्या, हत्या के प्रयास और गैंगस्टर एक्ट समेत 46 से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज
– इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – ऊधम सिंह नगर की आईटीआई काशीपुर पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के कुशल नेतृत्व और प्रभावी रणनीति के चलते उत्तर प्रदेश पुलिस और खुफिया एजेंसियों की आंखों में धूल झोंककर फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी गैंगस्टर योगेश मलिक उर्फ भदौरिया को रुद्रपुर से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि चैती मेला मार्ग पर एक संदिग्ध व्यक्ति घूम रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर कोतवाली आईटीआई पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। कॉलर की निशानदेही पर पुलिस ने पुरानी चौकी चैती के पास स्थित एक खंडहर के निकट घेराबंदी कर संदिग्ध व्यक्ति को दबोच लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान योगेश मलिक उर्फ भदौरिया (53 वर्ष) पुत्र भोपाल सिंह, निवासी ग्राम भदौड़ा, थाना रोहटा, जनपद मेरठ (उत्तर प्रदेश) के रूप में बताई। तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक .315 बोर का तमंचा तथा .315 बोर के तीन जिंदा कारतूस बरामद किए। इसके बाद आरोपी के खिलाफ धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।गहन पूछताछ और उत्तर प्रदेश पुलिस से समन्वय के दौरान खुलासा हुआ कि गिरफ्तार आरोपी उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा घोषित एक लाख रुपये का इनामी अपराधी है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी के विरुद्ध थाना कंकरखेड़ा (मेरठ) में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा थाना गंगोह (सहारनपुर) में वर्ष 2010 से दर्ज हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं के मामले में भी वह लंबे समय से वांछित चल रहा था। थाना गंगोह पुलिस ने आरोपी पर घोषित एक लाख रुपये के इनाम की पुष्टि भी की है।
पुलिस के अनुसार, योगेश मलिक उर्फ भदौरिया के खिलाफ उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों के अलग-अलग थानों में हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, मारपीट, अवैध हथियार और अन्य गंभीर अपराधों सहित 46 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसका विस्तृत आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है तथा संबंधित राज्यों की पुलिस को भी आवश्यक सूचना भेजी जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने कहा कि ऊधम सिंह नगर पुलिस अपराध और अपराधियों के खिलाफ पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई कर रही है। ऑपरेशन प्रहार के तहत जनपद में छिपे अपराधियों की पहचान कर उनके विरुद्ध सघन तलाशी अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून से बचने की कोशिश करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
यह गिरफ्तारी एक बार फिर साबित करती है कि ऊधम सिंह नगर पुलिस अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और जनपद को अपराधमुक्त बनाने के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है।




















