– फर्जी लाइसेंसों के सत्यापन के लिए चलेगा विशेष अभियान, अब तक 11 आरोपी गिरफ्तार
– इंडिया नज़र ब्यूरो |
रुद्रपुर – जनपद ऊधम सिंह नगर में फर्जी शस्त्र लाइसेंस बनवाकर उनका उपयोग करने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर पूरे जनपद में विशेष सत्यापन अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए तीन विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है, जो स्थानीय स्तर के साथ-साथ अन्य जनपदों और राज्यों से जारी किए गए शस्त्र लाइसेंसों की भी गहन जांच करेंगी।
पुलिस का उद्देश्य फर्जी शस्त्र लाइसेंसों की पहचान कर ऐसे व्यक्तियों के खिलाफ प्रभावी वैधानिक कार्रवाई करना, हथियारों के दुरुपयोग पर रोक लगाना तथा जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाना है।
फर्जी शस्त्र लाइसेंस मामलों में जनपद पुलिस पहले ही बड़ी कार्रवाई कर चुकी है। अब तक इस संबंध में दो मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।कोतवाली काशीपुर पुलिस ने फर्जी शस्त्र लाइसेंस प्रकरण में 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।कोतवाली कुंडा पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार इन मामलों की जांच अभी जारी है और कई अन्य संदिग्ध लाइसेंसों की भी पड़ताल की जा रही है।

एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया है कि फर्जी शस्त्र लाइसेंस बनवाने, रखने या उनका उपयोग करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। अभियान के दौरान प्रत्येक संदिग्ध शस्त्र लाइसेंस का गहन सत्यापन किया जाएगा और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले प्रत्येक तत्व पर पुलिस की पैनी नजर है। अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और भविष्य में भी इसी प्रकार की कार्रवाई और तेज की जाएगी।
पुलिस का मानना है कि फर्जी शस्त्र लाइसेंस न केवल कानून व्यवस्था के लिए चुनौती हैं, बल्कि आपराधिक गतिविधियों को भी बढ़ावा दे सकते हैं। ऐसे में यह विशेष अभियान जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और अवैध हथियारों के नेटवर्क पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।




















