– युवा नेता विवेकदीप सिंह ने खेल मैदान को मिनी स्टेडियम बनाने की मांग की।
– इंडिया नज़र ब्यूरो किच्छा – इंदिरा गाँधी खेल मैदान में आयोजित केपीएल टी-20 फर्स्ट नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट में रुद्रपुर के महापौर एवं भाजपा नेता विकास शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों एवं क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेता विवेक दीप सिंह ने क्षेत्र के युवाओं के हित में एक मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियम के निर्माण की मांग प्रमुखता से उठाई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है, लेकिन आधुनिक खेल सुविधाओं के अभाव में युवाओं को पर्याप्त अवसर नहीं मिल पा रहे हैं। ऐसे में क्षेत्र में एक मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियम का निर्माण समय की आवश्यकता है।

मुख्य अतिथि महापौर विकास शर्मा ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि किच्छा का इंद्रा गांधी खेल मैदान क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। मैदान की वर्तमान आवश्यकताओं को देखते हुए वह जल्द ही पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर खेल मैदान के विकास एवं आधुनिक सुविधाओं के विस्तार की मांग करेंगे, ताकि खिलाड़ियों को बेहतर वातावरण और संसाधन उपलब्ध हो सकें।

महापौर विकास शर्मा ने आश्वासन दिया कि वह इस मांग को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के समक्ष प्रमुखता से रखेंगे तथा क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विकास एवं मिनी स्पोर्ट्स स्टेडियम के निर्माण के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।
टूर्नामेंट में प्रतिदिन बड़ी संख्या में दर्शक पहुंच रहे हैं, जिससे क्षेत्र में खेलों के प्रति युवाओं का उत्साह देखने को मिल रहा है। महापौर ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ उनकी प्रतिभा को निखारने का कार्य करते हैं।

महापौर विकास शर्मा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, समर्पण और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। उन्होंने सफल आयोजन के लिए आयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर आयोजन मंडल के नवल किशोर, अंशुल गंगवार, अरुण ठाकुर, दिलीप सागर, नंदराम प्रजापति, विनीत मैसी, विक्की सहित अनेक गणमान्य लोग एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।




















