– इंडिया नज़र ब्यूरो नानकमत्ता – अपराध और नशे के कारोबार से जुड़े तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ऊधम सिंह नगर पुलिस और सिंचाई विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर एवं गैंगस्टर तारा सिंह के अवैध कब्जे पर बुलडोजर चलाया। संयुक्त अभियान में करीब 2 एकड़ सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 50 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार कोतवाली नानकमत्ता क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर तारा सिंह पुत्र गुरदयाल सिंह निवासी डैम बंदा गिधौर तथा उसके परिवारजनों द्वारा नानकसागर बांध स्थित सिंचाई विभाग की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर पक्का निर्माण कराया गया था। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि उक्त स्थान का उपयोग लंबे समय से स्मैक, हेरोइन एवं अन्य मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी से जुड़ी गतिविधियों के लिए किया जा रहा था।

तारा सिंह के खिलाफ डकैती, लूट, अपहरण, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित कुल 27 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वर्तमान में वह जेल में निरुद्ध है।
अवैध अतिक्रमण की पहचान होने के बाद सिंचाई विभाग और नानकमत्ता पुलिस ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए रिपोर्ट तैयार की। संबंधित व्यक्तियों को नोटिस जारी कर भूमि खाली करने के निर्देश दिए गए। सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद उपजिलाधिकारी खटीमा के निर्देश पर 20 जून 2026 को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
तहसील प्रशासन, सिंचाई विभाग, पुलिस बल, पीएसी और फायर सर्विस की संयुक्त टीम ने भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बुलडोजर से अवैध रूप से निर्मित पक्के मकान को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान एक अवैध धार्मिक संरचना (मजार) को भी हटाया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों का चिन्हीकरण कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। जिले में अपराधियों की अवैध संपत्तियों पर आगे भी इसी तरह का अभियान चलाया जाएगा।




















