– केंद्र सरकार की योजनाओं ने अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया विकास का लाभ : विवेक दीप सिंह
– इंडिया नज़र ब्यूरो किच्छा – भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में चलाए जा रहे “मोदी सरकार के 12 साल बेमिसाल” जनसंपर्क अभियान के तहत भाजपा नेता एवं समाजसेवी विवेक दीप सिंह ने नगरीय क्षेत्र के लक्ष्मी विहार, शक्ति विहार एवं बंगाली कॉलोनी में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से मुलाकात कर उनसे संवाद किया और योजनाओं से उनके जीवन में आए बदलावों की जानकारी ली।
जनसंपर्क अभियान के दौरान विवेक दीप सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने पिछले 12 वर्षों में गरीब, किसान, महिला, युवा एवं वंचित वर्ग के कल्याण के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं संचालित की हैं। इन योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचा है, जिससे लाखों परिवारों के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन आया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। साथ ही लाभार्थियों से सीधे संवाद स्थापित कर योजनाओं के प्रभाव और उनकी जरूरतों को भी समझा जा रहा है।
अभियान के दौरान क्षेत्रवासियों ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की सराहना करते हुए सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त की। लोगों ने कहा कि सरकार की कई योजनाओं से उन्हें प्रत्यक्ष लाभ मिला है, जिससे उनके जीवन में सुविधाएं और अवसर बढ़े हैं।
भाजपा के इस जनसंपर्क अभियान के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ लाभार्थियों से सीधा संवाद स्थापित करने का प्रयास लगातार जारी है।




















