– रुद्रपुर की होनहार बेटी ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल कर जिले का बढ़ाया मान, युवाओं के लिए बनी प्रेरणा।
– इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – उत्तराखंड पीसीएस परीक्षा में पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर रुद्रपुर और ऊधम सिंह नगर जिले का नाम रोशन करने वाली होनहार बेटी जसमीत कौर को पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने उनके आवास पहुंचकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने जसमीत कौर एवं उनके परिवार को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने जसमीत कौर को सम्मान स्वरूप भगवान गणेश की प्रतिमा भेंट की, शॉल ओढ़ाकर तथा पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि जसमीत कौर ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे रुद्रपुर और ऊधम सिंह नगर जिले का गौरव बढ़ाया है। उनकी सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
ठुकराल ने कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है। जसमीत कौर की उपलब्धि यह साबित करती है कि छोटे शहरों के युवा भी अपनी प्रतिभा और मेहनत के दम पर बड़ी सफलताएं हासिल कर सकते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि जसमीत कौर भविष्य में भी अपने कार्यों से प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगी।
इस अवसर पर जसमीत कौर के पिता सरदार जसवंत सिंह पाहवा, माता मनप्रीत कौर तथा भाई सहजपाल सिंह पाहवा सहित परिवार के अन्य सदस्यों ने उपस्थित अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में क्षेत्र पंचायत सदस्य सरिता चौधरी, अंकित बठला, सुनील चुघ, ललित बिष्ट, गुरमीत कौर, अमन सिंह पाहवा, प्रेम कौर, मलकीत सिंह, इन्द्रजीत कौर, गुरूचरण सिंह, बचन कौर, करनैल सिंह, मनप्रीत कौर, परमवीर सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।




















