– भाजपा नेता संजीव कुमार सिंह ने पत्रकारों को किया सम्मानित, लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका पर हुई चर्चा
– इंडिया नज़र ब्यूरो | किच्छा – हिन्दी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर किच्छा में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं समाजसेवी संजीव कुमार सिंह के कार्यालय पर एक भव्य पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नगर एवं आसपास के क्षेत्रों के अनेक वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित पत्रकारों ने सहभागिता कर पत्रकारिता के वर्तमान स्वरूप, चुनौतियों और उसकी विश्वसनीयता को लेकर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम का संचालन करण सिंह ने किया, जबकि अध्यक्षता डॉ. राहुल गंगवार ने की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं आयोजक संजीव कुमार सिंह रहे। इस अवसर पर उन्होंने सभी पत्रकारों को कलम एवं डायरी भेंट कर सम्मानित किया और कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं। उनकी निष्पक्ष, जिम्मेदार और जनहितैषी भूमिका समाज को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण योगदान देती है।

कार्यक्रम में सबसे पहले पत्रकार तन्हा ने अपने विचार रखते हुए हिन्दी पत्रकारिता के इतिहास पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि वर्ष 1826 में भारत का पहला हिन्दी समाचार पत्र “उदन्त मार्तण्ड” प्रकाशित हुआ था। अंग्रेजी शासन के कठिन दौर में शुरू हुए इस ऐतिहासिक प्रयास की स्मृति में प्रतिवर्ष 30 मई को हिन्दी पत्रकारिता दिवस मनाया जाता है।
इसके बाद वरिष्ठ पत्रकार कैलाश पंडित ने पत्रकारिता में सत्यता और तथ्यपरकता के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी समाचार के प्रकाशन से पूर्व उसकी पूर्ण जांच और पुष्टि आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आज के तेज़ प्रतिस्पर्धी दौर में सबसे पहले खबर प्रकाशित करने की होड़ के कारण कई बार अपुष्ट समाचार भी प्रसारित हो जाते हैं, जिससे पत्रकारिता की विश्वसनीयता प्रभावित होती है।

वरिष्ठ पत्रकार नाहिद खान ने पत्रकारिता के गिरते स्तर पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकारों को किसी भी प्रकार के दबाव से मुक्त होकर निर्भीक, निष्पक्ष और जनहित में पत्रकारिता करनी चाहिए। उन्होंने पत्रकारिता के मूल मूल्यों को संरक्षित रखने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का आयोजक भाजपा नेता संजीव कुमार सिंह ने कहा कि “हिन्दी पत्रकारिता दिवस केवल एक दिवस नहीं, बल्कि उन पत्रकारों के संघर्ष, समर्पण और समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी को याद करने का अवसर है, जिन्होंने हमेशा सच को सामने लाने का कार्य किया है। पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और उनकी निष्पक्ष, निर्भीक एवं तथ्यपरक पत्रकारिता समाज को सही दिशा देने का काम करती है।” “आज के दौर में जब सूचनाओं का प्रवाह बहुत तेज़ हो गया है, तब पत्रकारों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। समाचारों की सत्यता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनाए रखना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। हमारा उद्देश्य पत्रकारों का सम्मान करना और उनके महत्वपूर्ण योगदान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना है।”
“मैं सभी पत्रकार साथियों का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं कि वे जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर समाज और प्रशासन के बीच एक सशक्त सेतु का कार्य कर रहे हैं। भविष्य में भी पत्रकारों के सम्मान और उनके हितों के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।” कार्यक्रम के दौरान रंजीत मानकिया, मनीष सिडाना, शिव कुमार मित्तल, अहमद सलमान, नवल किशोर, वेद प्रकाश यादव, मोनिस मलिक, इंदर गंगवार और राज सक्सेना सहित अन्य पत्रकारों ने भी पत्रकारिता से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे और बदलते मीडिया परिदृश्य में जिम्मेदार पत्रकारिता की आवश्यकता पर बल दिया।
समारोह के अंत में आयोजक संजीव कुमार सिंह ने सभी पत्रकारों, अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए समाज हित में सकारात्मक, निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता को बढ़ावा देने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर धनंजय सिंह, कमलेश कुमार, अमित कुमार, आशुतोष मिश्रा, नवजोत सिंह, दीपेश दीक्षित, मुन्ना चौबे, सोनू प्रसाद सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




















