– 20 वर्षों से व्यापार कर रहे छोटे विक्रेताओं को नहीं हटाया जाएगा, यथास्थिति रहेगी बरकरार
रुद्रपुर – बिगवाड़ा मंडी में पिछले कई दिनों से अपनी आजीविका को लेकर चिंतित करीब 150 छोटे फल एवं सब्जी थोक व्यापारियों को आखिरकार बड़ी राहत मिल गई है। विधायक शिव अरोड़ा के हस्तक्षेप के बाद मंडी परिषद ने स्पष्ट कर दिया है कि इन व्यापारियों को हटाने या उनकी जगह नए आवंटन करने का कोई प्रस्ताव नहीं है और उनका व्यापार पूर्व की भांति जारी रहेगा।
गौरतलब है कि हाल ही में बिगवाड़ा मंडी के छोटे थोक व्यापारियों ने अपनी रोजी-रोटी पर संकट की आशंका जताते हुए विधायक शिव अरोड़ा के कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा था और मदद की गुहार लगाई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक शिव अरोड़ा स्वयं मंडी पहुंचे और पैदल भ्रमण कर वर्षों से फड़ लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे व्यापारियों से बातचीत की।
व्यापारियों ने विधायक को बताया कि वे पिछले लगभग 20 वर्षों से मंडी परिसर में टीन शेड के नीचे चबूतरों पर व्यापार कर रहे हैं और चाहते हैं कि व्यवस्था पूर्व की तरह यथावत बनी रहे। इस पर विधायक ने उन्हें भरोसा दिलाया कि उनकी रोजी-रोटी पर कोई आंच नहीं आने दी जाएगी।

मंडी परिसर में ही विधायक शिव अरोड़ा ने मंडी परिषद के अध्यक्ष अनिल कपूर डब्बू से दूरभाष पर वार्ता कर कहा कि ये सभी छोटे व्यापारी उनके परिवार का हिस्सा हैं और उनकी आजीविका पर किसी भी प्रकार का संकट नहीं आना चाहिए। इस पर मंडी परिषद अध्यक्ष ने आश्वासन दिया कि परिषद ऐसा कोई प्रस्ताव नहीं लाएगी जिससे इन व्यापारियों को हटाने या उनके रोजगार पर प्रभाव पड़ने की स्थिति उत्पन्न हो।
इसके अलावा विधायक ने मंडी सचिव विश्व विजय से भी फोन पर बातचीत कर निर्देश दिए कि 150 से अधिक छोटे व्यापारियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार गरीब और मेहनतकश लोगों के हितों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है तथा हर निर्णय में उनके हितों को प्राथमिकता दी जाती है।
मंडी सचिव विश्व विजय ने विधायक को अवगत कराया कि मंडी परिषद द्वारा ऐसा कोई प्रस्ताव विचाराधीन नहीं है, जिसमें वर्तमान व्यापारियों को हटाकर नीलामी के माध्यम से नए लोगों को बसाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी व्यापारी पहले की तरह अपना व्यापार जारी रख सकेंगे।
इस अवसर पर विधायक शिव अरोड़ा ने कहा कि बिगवाड़ा मंडी में वर्षों से मेहनत कर अपना जीवनयापन कर रहे छोटे व्यापारियों की रोजी-रोटी की रक्षा करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि उनके रहते किसी भी व्यापारी को उजड़ने नहीं दिया जाएगा और न ही नए आवंटन की कोई योजना है।
विधायक के हस्तक्षेप और मंडी प्रशासन के आश्वासन के बाद व्यापारियों ने राहत की सांस ली। आभार व्यक्त करते हुए व्यापारियों ने विधायक शिव अरोड़ा का फूल-मालाओं से स्वागत किया और उनकी आजीविका सुरक्षित रखने के लिए धन्यवाद दिया।
इस दौरान पूर्व पालिका अध्यक्ष मीना शर्मा, अनिल शर्मा, मंडल अध्यक्ष मुकेश पाल, मानव कक्कड़, कृष्णा, शिवकुमार, धर्मपाल, सोनू कबीर, मनोज, प्रिंस नारंग, सूरज सिंह, उज्ज्वल, परमजीत, रुस्तम सिंह, राज कोली सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।




















