– इंडिया नज़र ब्यूरो, रुद्रपुर – बकरीद पर्व से पहले रुद्रपुर के विधायक शिव अरोरा ने हिंदू संगठनों और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बकरीद के अवसर पर कानून व्यवस्था बनाए रखने और निर्धारित स्थानों पर ही कुर्बानी कराने की मांग को लेकर एक ज्ञापन सौंपा।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि त्योहार आपसी सौहार्द और शांति के साथ मनाया जाना चाहिए तथा सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी प्रकार की गतिविधि से बचा जाए, जिससे लोगों की भावनाएं प्रभावित हों। उन्होंने प्रशासन से अपील की कि निर्धारित स्थानों पर ही नियमों के अनुसार कुर्बानी कराई जाए और अवशेषों का उचित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने कुछ क्षेत्रों का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्व वर्षों में खुले स्थानों पर कुर्बानी और अवशेष फेंके जाने जैसी शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन सतर्कता बरते और डायल 112 सहित सभी व्यवस्थाएं सक्रिय रखी जाएं।
इस पर एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जिलेभर के थानों में पीस कमेटी की बैठकें आयोजित की जा रही हैं और सभी समुदायों से कानून एवं नियमों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी।
विधायक शिव अरोड़ा ने कहा कि रुद्रपुर में सामाजिक सौहार्द बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है और त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
इस दौरान गो रक्षा दल के जिला महामंत्री राधे सनातनी, व्यापार मंडल कोषाध्यक्ष संदीप राव, पार्षद निमित शर्मा, भाजपा महामंत्री सुनील यादव, राधेश शर्मा, मयंक कक्कड़, राज कोली, सन्नी पासवान और सौरभ राठौर सहित कई लोग मौजूद रहे।




















