– इंडिया नज़र ब्यूरो किच्छा – मदर्स डे के अवसर पर किच्छा स्थित नालंदा सीनियर सेकेंडरी स्कूल में स्वास्थ्य जागरूकता एवं सम्मान से जुड़ा विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत सर्वाइकल कैंसर वैक्सीनेशन जागरूकता अभियान और नेत्र जांच शिविर का सफल आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने आकर्षक गायन एवं नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह, सम्मान और स्वास्थ्य जागरूकता का सकारात्मक माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने आकर्षक गायन एवं नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह, सम्मान और स्वास्थ्य जागरूकता का सकारात्मक माहौल देखने को मिला।

इस अवसर पर विद्यालय की निदेशक डॉ. मृदुला किशोर एवं डॉ. राहुल किशोर, वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. वंदना ठाकुर, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. रेनुका मिश्रा तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. बृजेश कुमार दुबे विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. मृदुला किशोर ने सर्वाइकल कैंसर एवं एचपीवी वैक्सीनेशन के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाली गंभीर बीमारियों में से एक है, लेकिन समय पर टीकाकरण और जागरूकता के माध्यम से इससे काफी हद तक बचाव संभव है। उन्होंने अभिभावकों से बेटियों के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और महिलाओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

इसके साथ ही आयोजित नेत्र जांच शिविर में विद्यार्थियों की आंखों की जांच की गई तथा विशेषज्ञों द्वारा आंखों की देखभाल से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए गए।
मदर्स डे के उपलक्ष्य में विद्यालय के निदेशक डॉ. राहुल किशोर ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी माताओं को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस भावपूर्ण पहल ने कार्यक्रम को और अधिक प्रेरणादायक एवं यादगार बना दिया।
कार्यक्रम के समापन पर प्रधानाचार्य डॉ. बृजेश कुमार दुबे ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों, अभिभावकों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य एवं जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों और समाज दोनों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होते हैं।




















