– इंडिया नज़र ब्यूरो | किच्छा – ध्यान, साधना, शांति और सेवा के प्रतीक भगवान गौतम बुद्ध की जयंती ‘बुद्ध पूर्णिमा’ के पावन अवसर पर विधायक तिलक राज बेहड़ के कार्यालय में श्रद्धा, उल्लास और आध्यात्मिक वातावरण के बीच भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान गौतम बुद्ध की प्रतिमा पर विधायक तिलक राज बेहड़ एवं उपस्थित श्रद्धालुओं द्वारा माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर किया गया। इस दौरान पूरा परिसर “बुद्धं शरणं गच्छामि” के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर भगवान बुद्ध के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान गौतम बुद्ध की प्रतिमा पर विधायक तिलक राज बेहड़ एवं उपस्थित श्रद्धालुओं द्वारा माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर किया गया। इस दौरान पूरा परिसर “बुद्धं शरणं गच्छामि” के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्ज्वलित कर भगवान बुद्ध के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि भगवान बुद्ध का जीवन संयम, करुणा, अहिंसा और सेवा का प्रतीक है। उनके विचार आज के समय में भी समाज के लिए अत्यंत प्रासंगिक हैं।
उन्होंने कहा कि यदि समाज बुद्ध के बताए मार्ग पर चले तो हिंसा, द्वेष, वैमनस्य और असमानता जैसी समस्याओं का समाधान संभव है। आपसी भाईचारे, सद्भाव और मानवता के मूल्यों को अपनाकर ही एक मजबूत और समरस समाज का निर्माण किया जा सकता है।
विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा,“भगवान बुद्ध का संदेश किसी एक धर्म तक सीमित नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के कल्याण का मार्ग है। आज जब समाज अनेक चुनौतियों से जूझ रहा है, ऐसे समय में बुद्ध के सिद्धांत हमें सही दिशा दिखाते हैं। हमें शांति, करुणा, प्रेम और सेवा को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।”
इस अवसर पर भन्ते चाऊ समाधि एवं भन्ते राजिन्द्र द्वारा विधायक बेहड़ को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया तथा भगवान बुद्ध का स्मरण कर समाज में शांति और सद्भाव का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने भगवान बुद्ध के सिद्धांतों, शांति, करुणा, प्रेम और सेवा को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गुलशन सिंधी संजीव चौधरी, राजेश प्रताप सिंह, किन्नू शुक्ला, ओमप्रकाश दुआ, गुरुचरण सिंह बब्बू, सुनीता कश्यप, दिलीप सिंह बिष्ट, छोटेलाल कोहली, संतोष ठाकुर, अशोक मित्रा आदि लोग उपस्थित रहे।




















