– इंडिया नज़र ब्यूरो पंतनगर – महामहिम राज्यपाल गुरमीत सिंह की गरिमामयी उपस्थिति में गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर में 37वां दीक्षांत समारोह सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर 1,395 विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की गई, जबकि 36 मेधावी छात्रों को स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदकों से सम्मानित किया गया।

महामहिम राज्यपाल ने अपने संबोधन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और आधुनिक तकनीकों के दौर में युवाओं की भूमिका को अहम बताते हुए उन्हें रोजगार तलाशने के बजाय रोजगार सृजनकर्ता बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने ‘विकसित भारत’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भागीदारी पर जोर दिया।
गणेश जोशी ने विश्वविद्यालय को हरित क्रांति की आधारशिला बताते हुए किसानों के हित में चल रही सरकारी योजनाओं और मिलेट्स (श्री अन्न) के बढ़ते महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं अजय भट्ट ने इसे विद्यार्थियों के जीवन की नई शुरुआत बताते हुए उन्हें राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

कुलपति मनमोहन सिंह चौहान ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों को साझा करते हुए बताया कि संस्थान ने अब तक 46 हजार से अधिक विद्यार्थियों को डिग्री प्रदान की है और कृषि क्षेत्र में महत्वपूर्ण शोध एवं नवाचार किए हैं।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों को उद्यमिता से जोड़ने के उद्देश्य से “विद्यार्थी बाजार” का उद्घाटन भी किया गया, जिसमें विश्वविद्यालय द्वारा तैयार किए गए विभिन्न मूल्यवर्धित उत्पादों की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही।





















