| इंडिया नजर ब्यूरो,रुद्रपुर – रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए विधायक शिव अरोरा ने करीब 3.83 करोड़ रुपये की लागत से 9 किलोमीटर सड़कों के निर्माण कार्यों की सौगात दी है। इन परियोजनाओं में सबसे महत्वपूर्ण और बहुचर्चित भूरारानी–शांति विहार–छतरपुर मोटर मार्ग का पुनर्निर्माण शामिल है, जिसकी हालत पिछले 15 वर्षों से जर्जर बनी हुई थी।
विधायक शिव अरोरा ने गुरुवार को अपने कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि उनके प्रस्ताव पर राज्य योजना के अंतर्गत भूरारानी से शांति विहार होते हुए छतरपुर तक 5 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 2.47 करोड़ रुपये का शासनादेश जारी हो चुका है। यह मार्ग लगभग 50 हजार की आबादी को जोड़ता है और लंबे समय से इसकी मरम्मत की मांग की जा रही थी।

इसके अलावा अन्य प्रमुख मार्गों में मानूनगर–महतोष मोड़ से अलखदेवी मार्ग (1.5 किमी) के पुनर्निर्माण के लिए 45.51 लाख रुपये, मुकरदपुर आंतरिक मार्ग के लिए 32.42 लाख रुपये, केशवपुर में मुख्य मार्ग से श्मशान तक 1.9 किमी सड़क के लिए 57.90 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इन सभी चार महत्वपूर्ण सड़कों की कुल लंबाई लगभग 9 किलोमीटर है, जिनका निर्माण कार्य जल्द ही शुरू कराया जाएगा।
विधायक ने कहा कि रुद्रपुर में शहरी से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सड़क नेटवर्क को सुदृढ़ करने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। उन्होंने पूर्व जनप्रतिनिधियों पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन सड़कों की वर्षों तक अनदेखी की गई, उन्हें अब प्राथमिकता के आधार पर बनाया जा रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में रुद्रपुर लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और जनता अब विकास कार्यों को धरातल पर होते हुए देख रही है।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि “रुद्रपुर की जनता को बेहतर सड़क सुविधा देना हमारी प्राथमिकता है। जिन मार्गों की मांग वर्षों से की जा रही थी, उन्हें अब स्वीकृति दिलाकर निर्माण कार्य शुरू कराया जा रहा है। मेरा प्रयास है कि शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक हर सड़क मजबूत और सुरक्षित बने। जो हम कहते हैं, उसे पूरा करना हमारी जिम्मेदारी है और आने वाले समय में भी विकास कार्यों की यह गति लगातार जारी रहेगी।”