– इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – एक होटल के कमरे से महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। मामला कोतवाली पंतनगर क्षेत्र का है, जहां 1 अप्रैल 2026 को रेडिसन ब्लू होटल के एक कमरे में महिला संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गई।
मृतका की पहचान ज्योति शर्मा (उम्र लगभग 40 वर्ष) निवासी हनुमान मंदिर, लोदी रोड, नई दिल्ली के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ज्योति शर्मा अपने बिजनेस पार्टनर अमित (निवासी ग्राम जौनपुर, थाना फतेहपुर बेरी, जिला छतरपुर, दिल्ली) के साथ होटल में ठहरी हुई थीं।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पंतनगर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और कमरे को सील कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए सभी जरूरी कानूनी प्रक्रियाएं प्रारंभ कर दी हैं।
फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से निरीक्षण किया और महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस विभिन्न पहलुओं, जैसे कि आपसी संबंध, होटल में ठहरने का उद्देश्य और घटनाक्रम—को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। वहीं, शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल मृत्यु के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा है कि पुलिस इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए हर एंगल से जांच कर रही है, ताकि जल्द से जल्द सच्चाई सामने लाई जा सके।





















