– इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – गैस आपूर्ति को लेकर मिल रही लगातार शिकायतों के बीच विधायक शिव अरोड़ा एक बार फिर दुआ गैस एजेंसी पर पहुंचे और एजेंसी की कार्यप्रणाली पर कड़ी नाराजगी जताई। उपभोक्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने एजेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
बताया जा रहा है कि हाल ही में दुआ गैस एजेंसी के खिलाफ उपभोक्ताओं के नाम पर फर्जी तरीके से गैस बुकिंग कर कालाबाजारी करने की शिकायतें सामने आई थीं। इस मामले में स्वयं विधायक शिव अरोड़ा के साथ भी ऐसी घटना होने की बात सामने आई थी, जिसके बाद से वह लगातार इस मुद्दे पर सक्रिय हैं।
इसी क्रम में कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गैस एजेंसियों की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें दुआ एजेंसी का कोई प्रतिनिधि उपस्थित नहीं हुआ। इसके बाद विधायक शिव अरोड़ा, एडीएम पंकज उपाध्याय और जिला पूर्ति अधिकारी विनोद कुमार के साथ अचानक एजेंसी पहुंचे, जहां कार्यालय बंद मिला।
कार्यालय बंद मिलने पर विधायक ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए इसे अत्यंत गैर-जिम्मेदाराना बताया। उन्होंने कहा कि जब केंद्र और राज्य सरकारें गैस आपूर्ति को हर उपभोक्ता तक सुनिश्चित करने के लिए प्रयासरत हैं, तब इस तरह की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है। कुछ देर बाद एजेंसी का स्टाफ मौके पर पहुंचा, जहां विधायक ने एजेंसी संचालकों को फटकार लगाई। एडीएम पंकज उपाध्याय ने भी एजेंसी की कार्यप्रणाली पर असंतोष जताया।
विधायक शिव अरोड़ा ने कहा कि दुआ गैस एजेंसी के खिलाफ लगातार अनियमितताओं और कालाबाजारी की शिकायतें मिल रही हैं, लेकिन पूर्व में दी गई चेतावनियों के बावजूद कोई सुधार नहीं हुआ। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को एजेंसी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं के अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और प्रत्येक घर तक गैस आपूर्ति सुनिश्चित करना उनकी प्राथमिकता है।
जिला प्रशासन ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए एजेंसी को नोटिस जारी करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मौके पर एडीएम पंकज उपाध्याय और जिला पूर्ति अधिकारी विनोद कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।





















