

| इंडिया नज़र ब्यूरो,रुद्रपुर – कुमायूँ परिक्षेत्र की पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से रिद्धिम अग्रवाल (पुलिस महानिरीक्षक, कुमायूँ) द्वारा पुलिस लाइन रुद्रपुर में परिक्षेत्रीय मासिक गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में सभी जनपद प्रभारियों के साथ अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों और पुलिस कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की गई।
गोष्ठी के दौरान आईजी ने पुराने लंबित मामलों, विशेषकर NDPS एक्ट के मामलों और जब्त माल के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। वाहनों के लंबित निस्तारण पर असंतोष जताते हुए तेजी लाने को कहा गया। साथ ही वर्षों से लंबित विवेचनाओं को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया गया।
लैंड फ्रॉड मामलों में पारदर्शिता, साक्ष्य संकलन और वैधानिक प्रक्रिया को मजबूत करने के निर्देश दिए गए। वहीं “ऑपरेशन स्माइल” के तहत गुमशुदा व्यक्तियों की बरामदगी, अज्ञात शवों की पहचान और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सघन अभियान चलाने को कहा गया।

तकनीकी कार्यों में NAFIS और MCU के प्रभावी उपयोग, गैंगस्टर एक्ट और NDPS के तहत संपत्ति जब्तीकरण जैसी कार्यवाहियों की भी समीक्षा की गई। बीट पुलिसिंग को मजबूत करने पर विशेष जोर देते हुए स्थानीय स्तर पर जनसंवाद और सूचना तंत्र को सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए।
न्यायालयीय मामलों में केस ऑफिसर स्कीम के तहत अभियोजन और पुलिस के बेहतर समन्वय पर बल दिया गया, ताकि मामलों का शीघ्र निस्तारण हो और दोषियों को सजा मिल सके। गोष्ठी में अजय गणपति सहित कुमायूँ रेंज के सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
अंत में IG ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित मामलों का पारदर्शी और त्वरित निस्तारण करते हुए कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखें और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करें।
इस गोष्ठी में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा चन्द्रशेखर घोड़के, पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ अक्षय प्रहलाद कोंडे, पुलिस अधीक्षक चम्पावत श्रीमती रेखा यादव, पुलिस अधीक्षक बागेश्वर जितेन्द्र कुमार मेहरा, पुलिस अधीक्षक अपराध ऊधमसिंहनगर जितेन्द्र सहित अन्य जनपदों के राजपत्रित अधिकारी एवं कर्मचारी गण उपस्थित रहे।






















