


| इंडिया नज़र ब्यूरो,रुद्रपुर – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “नशामुक्त, अपराध मुक्त देवभूमि” संकल्प को साकार करने की दिशा में अजय गणपति के नेतृत्व में ऊधमसिंहनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली गदरपुर पुलिस और एएनटीएफ कुमाऊं यूनिट की संयुक्त कार्रवाई में एक शातिर अपराधी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया।
पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहा था आरोपी, घटना 27 मार्च की है, जब पुलिस टीम द्वारा चेकिंग के दौरान ग्राम कलकत्ती खानपुर तिराहा के पास संदिग्ध गतिविधि देखी गई। पुलिस को देखकर अभियुक्त शाकिर अली उर्फ नक्टा ने फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने पीछा किया और कनकट्टा चौराहा से आगे कुईखेड़ी मार्ग स्थित श्मशान घाट के पास मुठभेड़ हुई, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया।

नाबालिग बच्चों से कराता था नशे का कारोबार, इस मामले का खुलासा तब हुआ जब एएनटीएफ कुमाऊं यूनिट, रुद्रपुर ने करतारपुर रोड तिराहा पुलिया पर चेकिंग के दौरान एक स्कूटी (TVS NTORQ) को रोका। स्कूटी चला रहा नाबालिग पाया गया और तलाशी में डिग्गी से स्मैक (हेरोइन) बरामद हुई।
पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि यह नशा उसके पिता शाकिर अली और मां शाईन द्वारा सप्लाई के लिए भेजा गया था। इस आधार पर कोतवाली गदरपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
गिरफ्तार आरोपी शाकिर अली उर्फ नक्टा NDPS एक्ट के तहत वांछित था और उसके खिलाफ पहले से ही करीब एक दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी को नशा तस्करी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार माना जा रहा है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 1 तमंचा (.315 बोर), 2 जिंदा कारतूस, 1 खोखा कारतूस,1 मोटरसाइकिल (स्प्लेंडर) बरामद की है।
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशा तस्करों और अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।






















