


| इंडिया नज़र ब्यूरो,रुद्रपुर – चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर रुद्रपुर शहर एक बार फिर आस्था और भक्ति के रंग में रंगा नजर आया। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी रम्पुरा क्षेत्र से माँ अटरिया का भव्य डोला गाजे-बाजे और जयकारों के बीच धूमधाम से निकाला गया।
डोला यात्रा में सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरा मार्ग “जय माता दी” के उद्घोष से गूंज उठा। पारंपरिक वाद्य यंत्रों और धार्मिक झांकियों के साथ निकला यह डोला अटरिया मंदिर तक पहुंचा, जहां भक्तों ने माता के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर रुद्रपुर के विधायक शिव अरोरा भी श्रद्धालुओं के साथ डोला यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने स्वयं डोला उठाकर अपनी आस्था व्यक्त की और भक्तों के साथ मंदिर तक पैदल यात्रा की।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि रुद्रपुर का प्राचीन अटरिया माता मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जिसकी मान्यता वर्षों से चली आ रही है। यहां लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं और माँ अटरिया सभी की मनोकामनाएं पूर्ण करती हैं।
उन्होंने बताया कि त्रिशूल चौक से अटरिया मंदिर मोड़ तक सड़क के चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने विश्वास जताया कि अगले वर्ष जब माँ अटरिया का डोला निकलेगा, तब यह मार्ग पूरी तरह विकसित हो चुका होगा और श्रद्धालुओं को जाम जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी।
विधायक शिव अरोरा का कहना है कि “माँ अटरिया की असीम कृपा रुद्रपुर पर सदैव बनी हुई है। यह मंदिर न केवल आस्था का केंद्र है, बल्कि हमारी सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक भी है। लाखों श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए आते हैं। हम क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। आने वाले समय में अटरिया मंदिर मार्ग का चौड़ीकरण पूरा होने से यातायात व्यवस्था सुगम होगी और डोला यात्रा और भी भव्य रूप में निकलेगी।”
कार्यक्रम में गिरीश पाल, नाथूलाल गुप्ता, गीता शर्मा, सौरभ गुप्ता, शुभम, वीरेंद्र शर्मा, सुग्रीम राव, मनोज मदान, राधेश शर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।






















