


| इंडिया नज़र ब्यूरो,पंतनगर – पंतनगर विश्व विद्यालय में 119वां अखिल भारतीय किसान मेला एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी 13 से 16 मार्च 2026 तक आयोजित किया जाएगा। मेले में देशभर से हजारों किसान, कृषि वैज्ञानिक और छात्र-छात्राएं भाग लेकर आधुनिक कृषि तकनीकों और नवाचारों की जानकारी प्राप्त करेंगे।
विश्वविद्यालय के कुलपति मनमोहन सिंह चौहान ने बताया कि इस बार किसान मेले की थीम “सशक्त महिला–समृद्ध खेती” रखी गई है। उन्होंने कहा कि भारतीय कृषि में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही है और उन्हें आधुनिक तकनीक, प्रशिक्षण, वित्तीय संसाधन और उद्यमिता से जोड़ना समय की जरूरत है।

मेले में किसानों को उन्नत धान, बागवानी और सब्जियों के बीज उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों द्वारा विकसित नई फसल प्रजातियों, आधुनिक कृषि तकनीकों और शोध कार्यों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। कोदो, झिंगोरा और मंडुआ जैसी पारंपरिक फसलों की बढ़ती बाजार संभावनाओं पर भी किसानों को जानकारी दी जाएगी।
निदेशक प्रसार शिक्षा, डा. जितेन्द्र क्वात्रा के अनुसार मेले में अब तक करीब 350 स्टॉल बुक हो चुके हैं, जिनमें 150 बड़े और 200 छोटे स्टॉल शामिल हैं। इस बार मेले में 18 से 20 हजार किसानों के पहुंचने की संभावना है और किसानों के ठहरने व पेयजल सहित अन्य व्यवस्थाएं मेला परिसर में ही की गई हैं।

119वें किसान मेले का औपचारिक उद्घाटन 14 मार्च 2026 को अपराह्न 3 बजे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर कृषि मंत्री गणेश जोशी और नैनीताल-ऊधम सिंह नगर सांसद अजय भट्ट सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहेंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन को उम्मीद है कि यह चार दिवसीय किसान मेला किसानों के लिए नई तकनीकों, शोध और कृषि नवाचारों से जुड़ने का महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।






















