


| इंडिया नज़र ब्यूरो किच्छा – किच्छा विधानसभा क्षेत्र की प्रतिभाशाली बेटी शांभवी तिवारी ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रतिष्ठित सिविल सेवा परीक्षा में 46वीं रैंक प्राप्त कर IAS में चयनित होकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस बड़ी उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
शांभवी तिवारी की सफलता पर उनके आवास पर पहुंचे और उन्हें पौधा एवं भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा जी का चित्र भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर विधायक ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही उनके पिता श्री सुशील तिवारी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
इस मौके पर विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा कि शांभवी तिवारी की यह उपलब्धि किच्छा क्षेत्र के लिए बेहद गर्व का विषय है। उनकी कड़ी मेहनत, लगन और अनुशासन आज के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि शांभवी जैसे प्रतिभाशाली युवा देश की प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करेंगे और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
उन्होंने आगे कहा कि बेटियों का इस तरह आगे बढ़ना समाज के लिए बेहद प्रेरणादायक है। इससे क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने की प्रेरणा मिलेगी।
विधायक तिलक राज बेहड़ ने कहा “शांभवी तिवारी ने UPSC में 46वीं रैंक हासिल कर किच्छा ही नहीं, पूरे उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धि उनकी मेहनत, लगन और परिवार के सहयोग का परिणाम है। हमें विश्वास है कि वे प्रशासनिक सेवा में रहते हुए ईमानदारी और समर्पण के साथ देश व समाज की सेवा करेंगी और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेंगी।”
इस अवसर पर वर्तमान पालिका अध्यक्ष दर्शन कोली, ओमप्रकाश दुआ, दीप हंसपाल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे और शांभवी तिवारी को उनकी इस शानदार सफलता पर शुभकामनाएं दीं।






















