


रुद्रपुर – जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित अब्दुल कलाम सभागार में नैनीताल–उधम सिंह नगर लोकसभा सांसद अजय भट्ट की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के दौरान विधायक शिव अरोरा ने जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में पाइपलाइन लीकेज और पाइपलाइन बिछाने के बाद टूटी सड़कों की मरम्मत न होने पर नाराज़गी जताई। उन्होंने संबंधित विभाग को विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जल्द से जल्द समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही ट्रांजिट कैम्प क्षेत्र में पानी की आपूर्ति सुचारु करने और टूटी पाइपलाइनों को 15 अप्रैल तक ठीक करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान विधायक शिव अरोरा ने जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में पाइपलाइन लीकेज और पाइपलाइन बिछाने के बाद टूटी सड़कों की मरम्मत न होने पर नाराज़गी जताई। उन्होंने संबंधित विभाग को विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जल्द से जल्द समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही ट्रांजिट कैम्प क्षेत्र में पानी की आपूर्ति सुचारु करने और टूटी पाइपलाइनों को 15 अप्रैल तक ठीक करने के निर्देश दिए।

विधायक अरोरा ने भूरारानी-मटकोटा मार्ग से ओमैक्स रोड को जोड़ने वाले अंडरपास निर्माण की धीमी गति पर भी कड़ी नाराज़गी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि इस मार्ग से जुड़े 25 से 30 गांवों के हजारों लोग लंबे समय से परेशान हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्य की गति तेज करते हुए बरसात से पहले जून माह तक अंडरपास निर्माण कार्य पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
बैठक में विधायक अरोरा ने स्वास्थ्य सेवाओं का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि रुद्रपुर स्थित ईएसआई अस्पताल में स्थायी डॉक्टरों की कमी के कारण श्रमिकों को उचित इलाज नहीं मिल पा रहा है। वर्तमान में संविदा चिकित्सकों के माध्यम से इलाज की व्यवस्था होने से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस अस्पताल पर दो लाख से अधिक श्रमिक निर्भर हैं, इसलिए केंद्र सरकार से स्थायी डॉक्टरों की नियुक्ति की मांग की जानी आवश्यक है।
इसके अलावा विधायक अरोरा ने त्रिशूल चौक से डीडी चौक तक चल रहे चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्य की धीमी गति पर भी नाराज़गी जताई और निर्देश दिए कि यह कार्य बरसात से पहले जून माह तक हर हाल में पूरा किया जाए।
उन्होंने काशीपुर बाईपास के चौड़ीकरण को लेकर भी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सड़क निर्माण कार्य को गति देने के लिए जल्द से जल्द अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू किया जाए। साथ ही विद्युत विभाग और जल संस्थान को पानी की पाइपलाइन शिफ्ट करने का कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए, ताकि सड़क चौड़ीकरण का कार्य बिना बाधा के आगे बढ़ सके।
विधायक शिव अरोरा ने कहा कि “रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ हल करना हमारी जिम्मेदारी है। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि सभी कार्य तय समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं, ताकि आम जनता को जल्द से जल्द सुविधाओं का लाभ मिल सके।”






















