

– इंडिया नज़र ब्यूरो टनकपुर – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को टनकपुर में उत्तर भारत के सुप्रसिद्ध ऐतिहासिक माँ पूर्णागिरि मेले 2026 का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने मेले को वर्षभर संचालित करने का संकल्प लेते हुए पूर्णागिरि धाम को स्थायी और आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने सेलागाड़–कोटकेंद्री संपर्क मार्ग निर्माण, विभिन्न मेला स्थलों के सौंदर्यीकरण, तामली–रूपालीगढ़–सीम मोटर मार्ग, भव्य प्रवेश द्वार, आंतरिक क्षेत्र विकास, विश्राम रोड एवं पुलिया निर्माण सहित कई विकास कार्यों की घोषणा की और जिला प्रशासन को शीघ्र क्रियान्वयन के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि संस्कृति, आस्था और प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण चम्पावत को बुनियादी सुविधाओं से सशक्त बनाना सरकार का लक्ष्य है। पूर्णागिरि क्षेत्र में रोपवे निर्माण, संचार व्यवस्था सुदृढ़ीकरण तथा प्रमुख धार्मिक स्थलों को जोड़कर विशेष पर्यटन सर्किट विकसित किया जाएगा, जिससे पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने टनकपुर बस स्टेशन को इंटर स्टेट टर्मिनल के रूप में विकसित करने, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और पर्यटन क्षेत्र में चल रही विभिन्न परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने मेले में स्वच्छता, पेयजल, शौचालय और श्रद्धालुओं की बेहतर सुविधाओं को प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर अजय टम्टा सहित जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।























