
– हिमांशु तिवारी, रुद्रपुर – ऊधम सिंह नगर कार्निवाल सरस आजीविका मेला 2026 के नौवें दिवस पर आयोजित “बॉलीवुड उत्तराखंड संध्या” में प्रसिद्ध गायक पवनदीप राजन ने अपने सुरों से मेले में पहुंचे जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके साथ उत्तराखंड के लोकप्रिय गायक इंदर आर्या ने भी पहाड़ी गीतों की शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।
कार्यक्रम में इजिप्ट के पारंपरिक तनौरा डांस की भी आकर्षक प्रस्तुति दी गई, जिसने सांस्कृतिक विविधता की झलक पेश की और दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम में इजिप्ट के पारंपरिक तनौरा डांस की भी आकर्षक प्रस्तुति दी गई, जिसने सांस्कृतिक विविधता की झलक पेश की और दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण पवनदीप राजन ने “जो तुम न हो” गीत से संध्या की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने उत्तराखंडी और बॉलीवुड के लोकप्रिय गीतों की श्रृंखला प्रस्तुत कर देर रात तक दर्शकों को थिरकने पर मजबूर कर दिया। उनके ऊर्जावान मंच प्रदर्शन से पूरा आयोजन स्थल उत्सवमय माहौल में बदल गया। इंदर आर्या के पहाड़ी गीतों ने भी स्थानीय संस्कृति की सुगंध बिखेरी और दर्शकों को लोकधुनों से जोड़ दिया।
नौवें दिवस के अवसर पर मुख्य अतिथियों ने सभी कलाकारों का अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया तथा सरस मेले की सफलता पर बधाई दी। उन्होंने उत्तराखंड सरकार और भारत सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से ग्रामीण उत्पादों और स्वरोज़गार को प्रोत्साहन मिलता है।

सरस आजीविका मेला 2026 न केवल ग्रामीण उत्पादों और स्वयं सहायता समूहों के प्रयासों को मंच प्रदान कर रहा है, बल्कि सांस्कृतिक एकता और मनोरंजन का भी केंद्र बनकर उभर रहा है। यह मेला समाज के विभिन्न वर्गों को एक साथ जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। नौवें दिवस की यह भव्य सांस्कृतिक संध्या मेले की सफलता को नई ऊंचाई देते हुए उपस्थित जनसमूह के लिए यादगार बन गई।
इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा, दर्जा मंत्री फरजाना बेगम, जिलाध्यक्ष कमल जिन्दल, प्रदेश उपाध्यक्ष गुंजन सुखीजा, ब्लॉक प्रमुख रीना गौतम, दीपेंद्र कोश्यारी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय सहित भारी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।























