– इंडिया नज़र ब्यूरोरुद्रपुर – पुलिस कार्यालय में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने पत्रकारों से संवाद करते हुए स्पष्ट किया कि जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाया जाएगा। उन्होंने मीडिया को पुलिस और जनता के बीच की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए कहा कि अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आमजन में सुरक्षा का विश्वास जगाना भी पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने कहा, “पुलिस का उद्देश्य केवल अपराधियों को पकड़ना नहीं, बल्कि हर नागरिक के मन में सुरक्षा का भाव पैदा करना है। थाने में आने वाला प्रत्येक व्यक्ति सम्मान और न्याय की उम्मीद लेकर आता है। हमारी प्राथमिकता है कि उसे संवेदनशील और पारदर्शी व्यवस्था मिले। महिला एवं बाल अपराधों पर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपनाई जाएगी और नशा तस्करी के नेटवर्क को जड़ से खत्म किया जाएगा।”

उन्होंने आगे कहा कि साइबर अपराध और यातायात प्रबंधन जैसे आधुनिक चुनौतियों से निपटने के लिए पुलिस तंत्र को तकनीकी रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि पुलिसिंग की प्रमुख प्राथमिकताएँ रहेंगी जिसमे प्रमुख है, थानों में आने वाले हर फरियादी को न्याय का अनुभव हो, इसके लिए कार्यप्रणाली को अधिक जवाबदेह और पारदर्शी बनाया जाएगा। पुलिस-जनता के बीच की दूरी कम करना मुख्य लक्ष्य रहेगा।
महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध अपराधों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। तत्काल एफआईआर दर्ज कर त्वरित विवेचना के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। नशा तस्करी के खिलाफ अभियान को और तेज किया जाएगा। केवल छोटे विक्रेताओं पर नहीं, बल्कि मुख्य सप्लायर और पूरे नेटवर्क (किंगपिन) पर कार्रवाई कर तंत्र को ध्वस्त किया जाएगा। बढ़ते डिजिटल फ्रॉड को रोकने के लिए साइबर सेल को आधुनिक तकनीक से लैस किया जाएगा, ताकि पीड़ितों की मेहनत की कमाई को समय रहते सुरक्षित किया जा सके।
जनपद को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए यातायात प्रबंधन को वैज्ञानिक और सुव्यवस्थित तरीके से लागू किया जाएगा। असामाजिक तत्वों और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान के लिए पूरे जनपद में बड़े स्तर पर सत्यापन अभियान चलाया जाएगा। सूचनाओं के बेहतर आदान-प्रदान के लिए मीडिया सेल को और अधिक सक्रिय किया जाएगा। अपराध नियंत्रण में आम जनता की भागीदारी को बढ़ावा दिया जाएगा।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने अंत में कहा कि पुलिस और समाज के सामूहिक प्रयासों से ही जनपद में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। उन्होंने मीडिया से सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा जताई, ताकि कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।























