
– मुख्यमंत्री की पांच बड़ी घोषणाओं से बदलेगी शहर की तस्वीर
– इंडिया नज़र ब्यूरो रुद्रपुर – महापौर विकास शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा की गई नई घोषणाएं रुद्रपुर के विकास की नई तकदीर लिखेंगी। उन्होंने कहा कि शिव कॉरिडोर सहित कुल पांच नई घोषणाएं करके मुख्यमंत्री ने रुद्रपुर वासियों की भावनाओं का सम्मान किया है। महापौर ने विश्वास दिलाया कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं पर जल्द काम शुरू होगा और इन नए कार्यों से रुद्रपुर को पूरे प्रदेश में एक नई पहचान मिलेगी।
सोमवार को महापौर विकास शर्मा ने शिव कॉरिडोर का हिस्सा बनने जा रहे नीलकंठ धाम में रुद्राभिषेक किया और इसके पश्चात नगर आयुक्त शिप्रा जोशी व नगर निगम की टीम के साथ प्रस्तावित शिव कॉरिडोर के लिए नीलकंठ धाम, शिव मंदिर और गोल्ज्यू मंदिर का स्थलीय निरीक्षण कर कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की।

पत्रकारों से वार्ता करते हुए महापौर ने कहा कि नीलकंठ धाम वही स्थान है जिसकी भूमि को लेकर उन पर कुछ लोग अनर्गल आरोप लगाकर उन्हें भूमाफिया घोषित करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन आज सच्चाई सबके सामने है कि यह भूमि उनके व्यक्तिगत हित के लिए नहीं बल्कि ऐतिहासिक शिव कॉरिडोर का हिस्सा बनने जा रही है।
उन्होंने बताया कि हाल ही में नीलकंठ धाम के पास छह एकड़ भूमि को कालनेमियों के कब्जे से मुक्त कराया गया था, जिस पर अब शिव कॉरिडोर का सपना साकार होगा। महापौर ने कहा कि गांधी पार्क में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मानसखंड कॉरिडोर में तीन मंदिरों को जोड़ने की घोषणा की है, जिसके अंतर्गत गंगापुर रोड स्थित नीलकंठ धाम, गोल्ज्यू मंदिर और आस्था के केन्द्र शिव मंदिर के साथ ही गुरुचांद मंदिर परिसर का कायाकल्प होगा। इन मंदिरों को एक साथ जोड़ते हुए त्रिभुजाकार स्वरूप दिया जाएगा और यहां पर नीलकंठ भवन के साथ ही 51 फुट ऊंची भगवान शिव की मूर्ति स्थापित की जाएगी। शिव कॉरिडोर के लिए एक अलग से मार्ग बनाया जायेगा। यह कॉरिडोर रूद्रपुर में आस्था का बड़ा केन्द्र बनकर उभरेगा। इसे पर्यटन की दृष्टि से भी विकसित किया जायेगा।
महापौर ने मुख्यमंत्री की अन्य बड़ी घोषणाओं का विवरण देते हुए बताया कि खेड़ा में अतिक्रमण मुक्त कराई गई भूमि पर पर्यावरण मित्रों के लिए अत्याधुनिक सरकारी आवासों का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए भूरारानी रोड और गंगापुर रोड के चौड़ीकरण को मंजूरी दी गई है। अटरिया मोड़ से इंदिरा कॉलोनी तक ‘मिनी बाईपास’ के निर्माण का भी ऐलान मुख्यमंत्री ने किया है, जिससे शहर के मुख्य मार्गों पर वाहनों का दबाव कम होगा।
इसके साथ ही किच्छा रोड पर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाने का भी ऐलान हुआ है, जिसमें बास्केटबॉल, क्रिकेट, बैडमिंटन, इंडोर जिम सहित विभिन्न खेलों की सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। महापौर ने इन घोषणाओं पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की योजनाओं में विकास, अंत्योदय और विरासत को शामिल किया गया है।
पत्रकार वार्ता में नगर आयुक्त शिप्रा जोशी पाण्डेय, मंदिर के महंत प्रकाश जी, शिव कुमार राय, पार्षद सुशील चौहान, पार्षद चिराग कालरा, हरि अधिकारी,एम पी मौर्या आदि भी मौजूद रहै।

त्रिशूल चौक के बाद अब डमरू चौक का नंबर
रुद्रपुर – महापौर विकास शर्मा ने कहा कि ”रुद्रपुर को भगवान शिव की नगरी का स्वरूप प्रदान करने के लिए त्रिशूल चौक की स्थापना के बाद अब डमरू चौक की तैयारी शुरू हो गई है। उन्होंने बताया कि नगर निगम ने विभिन्न चौराहों को नई धार्मिक पहचान देने का खाका तैयार किया था, जिसके तहत इंदिरा चौक पर भव्य त्रिशूल पहले ही स्थापित किया जा चुका है। इसी तर्ज पर अब डीडी चौक को डमरू चौक के रूप में सजाने के लिए मुख्यमंत्री ने शिलान्यास कर दिया है। 24 लाख रुपये की लागत से डीडी चौक को डमरू चौक के रूप में परिवर्तित किया जाएगा, जिससे शहर की सुंदरता और धार्मिक महत्ता में वृद्धि होगी। महापौर ने स्पष्ट किया कि शहर के विकास और सौंदर्यीकरण का यह सिलसिला भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।”





















