– इंडिया नज़र ब्यूरो किच्छा – हिन्दू समाज की सामाजिक एकता, सांस्कृतिक चेतना और धार्मिक परंपराओं को सशक्त करने के उद्देश्य से “विराट हिन्दू सम्मेलन” का आयोजन आगामी 8 फरवरी 2026, रविवार को किया जा रहा है। सम्मेलन का आयोजन प्रातः 11:00 बजे से किच्छा स्थित खन्ना राइस मिल, बरेली रोड पर होगा।
इसकी जानकारी आयोजककर्ता एवं समाजसेवी संजीव खन्ना ने ‘इंडिया नज़र’ को देते हुए बताया कि इस विराट आयोजन का संदेश है “गर्व से कहो, हम हिन्दू हैं” सम्मेलन में हिन्दू समाज की सामूहिक शक्ति के प्रकटीकरण के साथ-साथ धर्म, संस्कृति और समरसता के मूल मंत्र पर विशेष जोर दिया जाएगा।

संजीव खन्ना के अनुसार, यह हिन्दू सम्मेलन समाज में आपसी एकता, सांस्कृतिक जागरूकता और धार्मिक मूल्यों को मजबूत करने का एक पावन अवसर है। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया जाएगा कि “हिन्दवः सोदराः सर्वे, न हिन्दूः पतितो भवेत” अर्थात सभी हिन्दू आपस में भाई हैं।

सम्मेलन में बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।
संजीव खंन्ना ने जानकारी दी कि कार्यक्रम के समापन के बाद सभी उपस्थित लोगों के लिए सामूहिक भोजन प्रसादी (भंडारा) की व्यवस्था भी की गई है। इस विराट हिन्दू सम्मेलन का आयोजन सनातन धर्म प्रचार समिति, किच्छा द्वारा किया जा रहा है।























