
| इंडिया नज़र ब्यूरो,रुद्रपुर | एस.पी. सॉल्वेंट लिमिटेड की स्थापना के 50 स्वर्णिम वर्ष पूरे होने के अवसर पर फैक्ट्री परिसर में भव्य गोल्डन जुबली समारोह का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक मौके पर राजनीतिक, सामाजिक, व्यापारिक और प्रशासनिक क्षेत्रों से जुड़े अनेक गणमान्य नागरिकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई, जिसमें कंपनी के प्रबंध निदेशक श्री पवन अग्रवाल, डायरेक्टर श्री अंकित अग्रवाल सहित एस.पी. सॉल्वेंट परिवार के सदस्यों ने सहभागिता की।

समारोह के मुख्य अतिथि महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरी महाराज ने अपने प्रवचन में कहा कि ”आज का मानव भागदौड़ में ईश्वर, संस्कार और अपने पूर्वजों को भूलता जा रहा है। उन्होंने कहा कि कुल देवता और पूर्वजों की पूजा से जीवन में सही मार्ग और उन्नति प्राप्त होती है। स्वामी जी ने बढ़ती अराजकता और संस्कारों के क्षरण पर चिंता जताते हुए कहा कि इससे समाज में बुजुर्गों के प्रति सम्मान कम हो रहा है, जिसे पुनः जागृत करने की आवश्यकता है।”

कंपनी के प्रबंध निदेशक श्री पवन अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि ”वर्ष 1975 में सीमित संसाधनों के साथ शुरू किया गया यह उद्योग आज कर्मचारियों की मेहनत, समर्पण और समाज के आशीर्वाद से एक सशक्त औद्योगिक इकाई के रूप में स्थापित हो चुका है। उन्होंने कहा कि कंपनी सदैव गुणवत्ता, पारदर्शिता और सेवा भाव के साथ आगे बढ़ती रहेगी।”
गोल्डन जुबली वर्ष के अवसर पर भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए श्री अग्रवाल ने कहा, “आने वाले समय में हम उद्योग का और विस्तार करेंगे। नई तकनीक, आधुनिक संयंत्र और गुणवत्ता उन्नयन के साथ हमारा लक्ष्य अधिक से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराना है। एस.पी. सॉल्वेंट केवल एक उद्योग नहीं, बल्कि रोजगार सृजन और आर्थिक विकास का माध्यम बने, यही हमारा संकल्प है।” उन्होंने यह भी कहा कि गोल्डन जुबली वर्ष आत्ममंथन और नए संकल्प का प्रतीक है, जिसमें कंपनी राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका और मजबूत करेगी।

इस अवसर पर कंपनी के डायरेक्टर श्री अंकित अग्रवाल ने सभी अतिथियों, श्रद्धालुओं और कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ”पचास वर्ष पूर्व लगाया गया छोटा सा पौधा आज एक विशाल वृक्ष बन चुका है, जो सभी को अपने साये में रखे हुए है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि एस.पी. सॉल्वेंट परिवार निरंतर मेहनत और ईमानदारी के साथ इसे आगे बढ़ाता रहेगा।”

स्वर्णिम जयंती समारोह में रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा, कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत, किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़, एलएसी के एमडी शिव कुमार अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल, अर्जुन गुप्ता, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, जावेद आलम, हरेंद्र सिंह लाड़ी सहित प्रशासनिक, राजनीतिक एवं व्यापारिक जगत से जुड़े सैकड़ों गणमान्य लोगों ने सहभागिता कर कंपनी को शुभकामनाएं दीं। समारोह उत्साह, श्रद्धा और गौरवपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ, जिसने एस.पी. सॉल्वेंट लिमिटेड की पचास वर्षों की सफलता यात्रा को यादगार बना दिया।
























