
– इंडिया नज़र ब्यूरोरुद्रपुर – मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के सभागार में काशीपुर एवं जसपुर ब्लॉक की ए0एन0एम0 के लिए आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व विधायक राजेश शुक्ला एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल ने संयुक्त रूप से किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान ए0एन0एम0 को गर्भवती माताओं के समय पर टीकाकरण, सुरक्षित प्रसव (डिलिवरी) के बाद नवजात शिशु के नियमित एवं समयबद्ध टीकाकरण, तथा समस्त जानकारियों को यू-विन (U-WIN) पोर्टल पर समय से अपडेट करने संबंधी विस्तृत एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत सभी ए0एन0एम0 को आवश्यक स्वास्थ्य सामग्री की किट भी वितरित की गई, जिसे पूर्व विधायक राजेश शुक्ला एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल ने सौंपा।

इस अवसर पर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के नेतृत्व में उत्तराखंड की स्वास्थ्य सेवाएं लगातार सुदृढ़ हो रही हैं। सरकार का उद्देश्य है कि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक भी समय पर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचें। ए0एन0एम0 स्वास्थ्य तंत्र की सबसे मजबूत कड़ी हैं, और उनके प्रशिक्षण से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं में और अधिक सुधार आएगा।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम जनस्वास्थ्य को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान डॉ. राजेश आर्या, मोहम्मद चांद मियां, प्रदीप पाठक, नंदलाल, एसीएमओ डॉ. डी.पी. सिंह सहित समस्त चिकित्सक एवं ए0एन0एम0 उपस्थित रहीं।






















