
| इंडिया नज़र ब्यूरो,रुद्रपुर – क्रिसमस एवं नववर्ष के मद्देनज़र जनपद ऊधम सिंह नगर में कानून व्यवस्था, शांति और सुरक्षा को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से मंगलवार को कोतवाली कुंडा में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा बैठक एवं सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। बैठक में जनपद के समस्त थाना प्रभारी, निरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने जनपद में लंबित विवेचनाओं की गहन समीक्षा करते हुए सभी विवेचकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित मामलों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विवेचनाओं में अनावश्यक विलंब किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा साक्ष्यों का सशक्त संकलन कर अभियोजन को मजबूत किया जाए।

एसएसपी ने निर्देश दिए कि क्रिसमस एवं नववर्ष के दौरान आयोजित होने वाले सभी धार्मिक एवं सार्वजनिक कार्यक्रमों में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। जनपद के सभी बैंक्वेट हॉल, होटल, रेस्टोरेंट, धर्मशालाओं, होमस्टे और आयोजन स्थलों का समय रहते निरीक्षण कर सुरक्षा मानकों का पालन कराया जाए।
बैठक में साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए एसएसपी ने असामाजिक तत्वों पर पैनी निगरानी रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही साइबर ठगी, सोशल मीडिया फ्रॉड एवं ऑनलाइन अपराधों की रोकथाम के लिए प्रभावी मॉनिटरिंग और जागरूकता अभियानों को तेज करने पर जोर दिया गया। महिला अपराधों से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील व्यवहार अपनाने के भी निर्देश दिए गए।

घने कोहरे को देखते हुए सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए। भारी वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाने, नियमित वाहन चेकिंग, रात्रि गश्त बढ़ाने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख़्त कार्रवाई के आदेश दिए गए।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने कहा कि नशा तस्करों, वांछित एवं इनामी अपराधियों के खिलाफ अभियान को और अधिक तेज किया जाए। अपराध नियंत्रण में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी और धरपकड़ अभियान लगातार जारी रहेगा।
सैनिक सम्मेलन के दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा रखी गई कार्य संबंधी समस्याओं को एसएसपी ने गंभीरता से सुना और उनके त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। बैठक के अंत में उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले 17 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। एसएसपी ने कहा कि इस प्रकार का सम्मान पुलिसकर्मियों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ उनकी कर्तव्यनिष्ठा और कार्यक्षमता को और सुदृढ़ करता है।
जनपद पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है और आमजन की सुरक्षा, शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है।






















