रुद्रपुर – रुद्रपुर में नशा विरोधी मुहिम को और मजबूत करते हुए समाजसेवी सुशील गाबा के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘रुद्रपुर अगेंस्ट ड्रग्स’ अभियान ने वार्ड 32 भूरारानी की डिवाइन पार्क कॉलोनी में एक प्रभावी बैठक आयोजित की। बैठक में स्थानीय निवासियों, खासकर मातृशक्ति ने बढ़ते अवैध कच्ची शराब के कारोबार व सूखे नशे की गतिविधियों पर कड़ा रोष जताया।
बैठक में कॉलोनी को सुरक्षित रखने के लिए एक स्थानीय जागरूकता दल गठित करने का प्रस्ताव पारित किया गया, जो कॉलोनी के आसपास नशेड़ी तत्वों को फटकने तक नहीं देगा तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस व अभियान टीम को देगा।
बैठक में कॉलोनी को सुरक्षित रखने के लिए एक स्थानीय जागरूकता दल गठित करने का प्रस्ताव पारित किया गया, जो कॉलोनी के आसपास नशेड़ी तत्वों को फटकने तक नहीं देगा तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस व अभियान टीम को देगा।

मातृशक्ति ने बताया कि कॉलोनी के पास रेलवे पटरी पार और नजदीकी खंडहरों में अक्सर युवक सूखे नशे का सेवन करते हैं, जो बच्चों और युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। स्कूलों के आसपास नशे की उपलब्धता ने अभिभावकों की चिंता और बढ़ा दी है।
अभियान संयोजक सुशील गाबा ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा “मैं सभी मातृशक्ति, युवाओं और समाज के हर जिम्मेदार नागरिक से हाथ जोड़कर अपील करता हूँ कि ‘रुद्रपुर अगेंस्ट ड्रग्स’ मुहिम से जुड़िए। हमारी टीम हर वार्ड और मोहल्ले में नशा मुक्त अभियान चला रही है। हमें आपकी सहभागिता, आपका साहस और आपकी आवाज की अत्यंत जरूरत है। अगर आप माँ हैं तो हमारी शक्ति बनें, अगर आप युवा हैं तो हमारी ताकत बनें, और यदि आप समाजसेवी हैं तो हमारी प्रेरणा बनें। आइए, हम सब मिलकर उत्तराखंड को फिर से वह पवित्र भूमि बनाएं जहाँ बच्चे सपने देखें, युवा आगे बढ़ें और मातृशक्ति दृढ़ता से कहे – ‘ड्रग्स मुक्त देवभूमि, यही हमारा संकल्प है।”






















