

– हिमांशु तिवारीनैनीताल – कुमायूँ पुलिस ने अपराध नियंत्रण, जनसुरक्षा और आधुनिक पुलिसिंग की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए ‘मिशन नव शिखर : नई ऊँचाइयों की ओर’ अभियान शुरू किया है। यह अभियान कुमायूँ परिक्षेत्र की पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) श्रीमती रिद्धम अग्रवाल की पहल पर शुरू हुआ है, जिसका उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को और अधिक बेहतर, सुदृढ़ और तकनीक आधारित बनाना है।
इस अभियान के तहत परिक्षेत्र के सभी जनपद प्रभारियों से लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों तक को अलग-अलग विषयों पर अध्ययन, विश्लेषण और कार्ययोजना तैयार करने का दायित्व सौंपा गया है। अधिकारीगण आवश्यकता पड़ने पर अन्य राज्यों और केंद्रीय एजेंसियों से भी नवाचारों का अध्ययन करेंगे और उन्हें कार्ययोजना में शामिल करेंगे।

अगस्त माह के अंत तक इन कार्यों की प्रगति की समीक्षा होगी, जबकि अक्टूबर के अंत तक विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की जाएगी। इसके बाद तैयार एकीकृत प्रस्ताव को उत्तराखण्ड पुलिस महानिदेशक के समक्ष भेजा जाएगा।
मिशन नव शिखर – मुख्य बिंदु – श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए श्री कैंची धाम में वैज्ञानिक यातायात प्रबंधन, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और ब्लैक स्पॉट पर सुधार, फॉरेंसिक क्षमता और विवेचना को आधुनिक तकनीक से सशक्त बनाना, मादक पदार्थों की तस्करी पर कड़ी निगरानी और जनजागरूकता अभियान, महिला और बाल अपराधों की रोकथाम, त्वरित कार्रवाई और पुनर्वास, साइबर अपराध नियंत्रण और आमजन को डिजिटल सुरक्षा की शिक्षा, ई-मोबाइल वैन के जरिए गाँव-गाँव जनसंवाद और जनजागरूकता, पर्यटन सीजन यातायात प्रबंधन और सीसीटीवी ग्रिड का विस्तार, सीमावर्ती क्षेत्रों में अपराध रोकथाम और स्थानीय सुरक्षा सुदृढ़ करना, वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और पुलिस मित्र पहल को मजबूत बनाना, आपदा राहत प्रबंधन, नए आपराधिक कानूनों पर प्रशिक्षण और संसाधनों का डिजिटलीकरण
आईजी कुमायूँ परिक्षेत्र श्रीमती रिद्धम अग्रवाल ने कहा कि “मिशन नव शिखर का उद्देश्य पुलिस कार्यप्रणाली में नवाचार लाना, अपराध नियंत्रण को अधिक प्रभावी बनाना और जनता के विश्वास को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाना है। यह अभियान पुलिसिंग में सुधार और सुदृढ़ीकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।”























