

– आपदा जैसे गंभीर विषयों पर चुप्पी, सिर्फ हंगामा और राजनीति – भाजपा जिला अध्यक्ष
– इंडिया नज़र ब्यूरो।
रुद्रपुर – भाजपा ने कांग्रेस पर स्वार्थपरक राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा है कि विपक्ष जनता के मुद्दों पर सजग रहने के बजाय सदन में सोता रहा। भाजपा जिला अध्यक्ष **कमल जिंदल** ने तीखे प्रहार करते हुए कहा कि जब प्रदेश आपदा की त्रासदी झेल रहा है, उस समय विपक्ष ने संवेदनशीलता दिखाने की बजाय अपने खिलाफ दर्ज मुकदमों को लेकर हंगामा किया।
जिंदल ने कहा कि गैरसैंण सत्र के दौरान विपक्षी विधायकों द्वारा की गई तोड़फोड़ और अराजकता बेहद निंदनीय है। उन्होंने तंज कसा कि विपक्ष के नेता दिनभर सदन में हंगामा करते रहे और रात में उसी सदन में खर्राटे भरते रहे। यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए शर्मनाक है।
आपदा पर संवेदना जताने की बजाय निजी मुद्दों पर हंगामा
भाजपा जिला अध्यक्ष ने कहा कि इस कठिन समय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में शासन-प्रशासन राहत और बचाव कार्यों में जुटा है। ऐसे समय विपक्ष से उम्मीद थी कि वह सरकार का सहयोग करते हुए आपदा पीड़ितों की मदद के लिए रचनात्मक सुझाव देता। लेकिन इसके बजाय कांग्रेस ने अफवाह फैलाने, अवरोध खड़ा करने और सत्र की कार्यवाही बाधित करने का काम किया।
उन्होंने कहा कि बेहतर होता यदि सत्र की शुरुआत आपदा में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि और प्रभावितों के प्रति संवेदना से होती, और फिर राहत-बचाव एवं भविष्य की योजनाओं पर व्यापक चर्चा होती। मगर विपक्ष ने गैरजिम्मेदाराना रवैया अपनाते हुए सदन की गरिमा को तार-तार कर दिया।
विपक्ष का मकसद जनता की आवाज़ दबाना – जिंदल
कमल जिंदल ने आरोप लगाया कि विपक्ष की मंशा थी कि सदन में धर्मांतरण कानून को और सख्त बनाने, अवैध मदरसों पर कार्रवाई तथा आपदा पीड़ितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा ही न हो पाए। उन्होंने कहा कि विपक्ष का असली चेहरा एक बार फिर जनता के सामने आ गया है।
‘सिर्फ हंगामा और नींद पूरी करने के लिए नहीं चलता सदन’
भाजपा जिला अध्यक्ष ने विपक्ष पर व्यंग कसते हुए कहा कि कांग्रेस के पास जनता से जुड़े कोई मुद्दे नहीं थे। उनके नेता अपने व्यक्तिगत स्वार्थ और केस हटवाने के लिए ही सदन में हंगामा करते रहे। उन्होंने कहा – “जनता ने देख लिया है कि कांग्रेस नेता सपनों की दुनिया में खोए रहते हैं और सदन में सोते रहते हैं।”
कमल जिंदल ने यह भी कहा कि तमाम अवरोधों के बावजूद सत्र में अनुपूरक बजट सहित कई विधेयक पारित किए गए हैं, जिसके लिए प्रदेश की जनता की ओर से मुख्यमंत्री धामी का आभार प्रकट किया गया है।























