

– भाजपा प्रत्याशी अजय मौर्या और निर्दलीय रेनू गंगवार के बीच सीधी टक्कर के आसार
– क्या पाँचवीं बार फिर से गंगवार परिवार अपने दबदबे को बरकरार रख पाएगा ?
– इंडिया नज़र ब्यूरो ।रुद्रपुर – उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर में जिला पंचायत अध्यक्ष पद की जंग इस बार बेहद रोमांचक हो गई है। भाजपा ने अपने प्रत्याशी के रूप में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के करीबी माने जाने वाले अजय मौर्या को मैदान में उतारा है, जबकि निर्दलीय के रूप में चुनाव लड़ रहीं रेनू गंगवार भी भाजपा से पुराने जुड़ाव के चलते सीधी टक्कर देती नजर आ रही हैं।

गंगवार परिवार, जो पिछले दो दशकों से इस पद पर काबिज रहा है, एक बार फिर अपनी राजनीतिक रणनीतियों के सहारे जीत का प्रयास कर रहा है। वहीं, भाजपा भी इस बार इस सीट को अपनी प्रतिष्ठा का प्रश्न मान चुकी है और पूरी ताकत झोंक रही है।
जिला पंचायत में समीकरण- ऊधम सिंह नगर जिले की 35 सदस्यीय जिला पंचायत में भाजपा समर्थित 12, कांग्रेस समर्थित 12 और 11 निर्दलीय सदस्य हैं। जीत के लिए 18 सदस्यों का समर्थन जरूरी है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि किसके पक्ष में राजनीतिक ‘गोटियां’ सटीक बैठती हैं और किसके पाले में बहुमत जाता है।
भाजपा 11 अगस्त को अजय मौर्या का नामांकन कराने जा रही है, जिसमें पार्टी के विधायक और वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहेंगे। दूसरी ओर, गंगवार परिवार अभी तक खुलकर सामने नहीं आया है, लेकिन राजनीतिक पंडितों का मानना है कि ‘बैकडोर’ सेटिंग और राजनीतिक करिश्मा करने के लिए मशहूर हैं।

लगातार चार बार जीत दर्ज कर चुकी गंगवार फैमिली के लिए यह चुनाव प्रतिष्ठा का प्रश्न है, वहीं भाजपा पहली बार अपने दम पर यह पद हासिल करने के लिए पूरी ताकत लगा रही है। नतीजे तय करेंगे कि ऊधम सिंह नगर की राजनीति में बदलाव की लहर चलती है या पुराना वर्चस्व कायम रहता है।























