


– इंडिया नज़र ब्यूरो,
रुद्रपुर – बीते दिनों भारी बारिश के चलते कल्याणी नदी में आई तेज़ जलधारा में रम्पुरा क्षेत्र का 17 वर्षीय युवक सूरज कोली बह गया था, जिसकी दुखद मृत्यु हो गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय विधायक शिव अरोरा लगातार स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों के संपर्क में बने रहे और प्रशासन से वार्ता कर गोताखोरों, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को मौके पर भेजा गया। अथक प्रयासों के बाद युवक का शव बरामद किया गया।
विधायक शिव अरोरा ने घटना को गंभीरता से लेते हुए तुरंत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से संपर्क कर मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की मांग की। मुख्यमंत्री के निर्देश पर 24 घंटे के भीतर 4 लाख की सहायता राशि का चेक स्वीकृत हुआ।
विधायक शिव अरोरा गुरुवार को प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्वयं रम्पुरा स्थित मृतक सूरज कोली के निवास पर पहुंचे और परिजनों को 4 लाख की आर्थिक सहायता राशि का चेक सौंपा।
इस अवसर पर विधायक शिव अरोरा ने कहा,“सूरज कोली की असामयिक मृत्यु अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं। लेकिन इस संकट की घड़ी में परिवार को सहारा देने और उनके साथ खड़े रहने का हमारा कर्तव्य है। सरकार की यह आर्थिक मदद उनके लिए कुछ राहत लेकर आएगी।”
उन्होंने आगे कहा कि ”2023 में रम्पुरा में आई बाढ़ में डूबे राजेंद्र कोली के परिजनों को भी 48 घंटे के भीतर 4 लाख की आर्थिक सहायता दिलाई गई थी।” विधायक अरोरा ने यह भी कहा कि उनका प्रयास हमेशा अपने क्षेत्र की जनता के साथ हर परिस्थिति में खड़े रहने का है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का विशेष आभार जताया, जिन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए सहायता राशि स्वीकृत करवाई।
इस मौके पर मेयर विकास शर्मा, एसडीएम मनीष बिष्ट, तहसील दिनेश, सुशील गाबा, पार्षद गिरीश कुमार, चन्द्रसेन कोली, महेश कोली, राजकुमार कोली, किशन कोली, सुनील यादव, डंम्पी चोपडा, राज कोली, पारस चुघ, मयंक कक्कड़, हिम्मतराम कोली व अन्य लोग मौजूद रहे।





















