


– इंडिया नज़र ब्यूरो
रुद्रपुर – जनपद में तेजी से फैल रही अवैध कालोनियों और नियमों के विरुद्ध हो रही भूमि की खरीद-फरोख्त पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने इस गंभीर मुद्दे को दृष्टिगत रखते हुए संबंधित अधिकारियों को जांच और कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए हैं।
डीएम भदौरिया ने अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) को सभी उप-पंजीयक (रजिस्ट्रार) कार्यालयों का गहन निरीक्षण करने और विशेष रूप से अवैध रजिस्ट्रियों की पड़ताल करने के आदेश दिए हैं। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र ने गुरुवार को रुद्रपुर के खेड़ा स्थित रजिस्ट्रार कार्यालय का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एडीएम मिश्र ने साफ शब्दों में कहा कि ”जनपद में जो भी अवैध कालोनियां बनाकर उनकी रजिस्ट्री की जा रही हैं, उन्हें चिन्हित किया जाएगा और रजिस्ट्री कराने वाले व कराने वाले दोनों पक्षों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि भविष्य में भूमि संबंधी नियमों की अवहेलना कर की गई किसी भी रजिस्ट्री को शून्य घोषित करते हुए संबंधित भूमि को सरकार में निहित किया जाएगा।”
भूमाफियाओं पर शिकंजा कसने की तैयारी –
एडीएम कौस्तुभ मिश्र ने यह भी स्पष्ट किया कि जनपद में सक्रिय भूमाफियाओं और अवैध रूप से प्लॉटिंग करने वाले गिरोहों की गहन जांच की जाएगी और उनकी जड़ तक पहुंचकर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने बताया कि शासन-प्रशासन मिलकर ऐसे लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करेगा ताकि भविष्य में इस तरह की गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके।
उन्होंने कहा कि सभी तहसीलों के उप-पंजीयक कार्यालयों का चरणबद्ध तरीके से निरीक्षण किया जाएगा और जहां भी अनियमितताएं पाई जाएंगी, वहां कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान एआईजी स्टाम्प सुधांशु त्रिपाठी, उप-पंजीयक श्रीमती मंजू समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन की सख्ती से मचा हड़कंप –
डीएम के इस कदम के बाद भूमाफिया और अवैध प्लॉटिंग में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। वहीं, आम जनता में इस कार्रवाई को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। नागरिकों का कहना है कि यदि प्रशासन इसी तरह सख्ती से कार्य करे तो शहर में अवैध निर्माण पर लगाम लगाई जा सकती है और नियोजित विकास का रास्ता साफ हो सकता है।





















